रोड जाम कर ठेकेदार को बुलाया
राधेश्याम देवड़ा
शाजापुर!मक्सी।
नगर में चल रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में गुरुवार को श्री राम कॉलोनी के रहवासियों ने रास्ता बंद कर ठेकेदार को मौके पर बुलाया और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
रहवासियों ने ठेकेदार को सख्त लहजे में कहा कि नालियों का निर्माण कार्य सही तरीके से किया जाए और सड़क को तत्काल दुरुस्त किया जाए, क्योंकि वर्तमान स्थिति में लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। कॉलोनी वासियों का कहना है कि बनाई जा रही नालियां बेहद कमजोर हैं, जिनकी छत कुछ दिन पहले ही गिर चुकी है। जैसे बाद में दुरुस्त कर दिया गया था साथ ही सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे कर दिए गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन भी नहीं निकल पा रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि उक्त निर्माण कंपनी द्वारा यूनियन बैंक के सामने भी गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है, जहां सरिए बाहर निकले हुए हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं।
इस मामले में सुपरवाइजर पंकज दुबे का कहना है कि होली के कारण मजदूर छुट्टी पर थे, जिसके चलते कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
वहीं रोड के प्रोडक्शन इंजीनियर आकाश राय ने बताया कि मजदूरों की छुट्टी के कारण काम कुछ दिनों के लिए रुका था, लेकिन एक-दो दिनों में निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा।


Post a Comment