सभी 22 जोन कार्यालयों में उपलब्ध होगी नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा
महापौर द्वारा कियोस्क हेतु मेडिकल उपकरण का वितरण
हमारे कर्मचारियों के स्वास्थ्य और शिक्षा की चिंता करना हमारी जिम्मेदारी- महापौर
कार्यस्थल पर ही मिलेगी स्वास्थ्य जांच की सुविधा
सीएसआई को बीपी मशीन, ब्लड शुगर मशीन एवं फर्स्ट एड किट वितरित
सीपीआर का दिया प्रशिक्षण
रितेश जैन दबंग देश
इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशन में स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके इंदौर नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कल्याण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण एवं अभिनव पहल की गई है। इसी क्रम में “ सफाईमित्र सुरक्षित शहर–स्वास्थ्य कियोस्क ” की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य शहर की स्वच्छता व्यवस्था में प्रतिदिन महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईमित्रों को उनके कार्यस्थल के निकट ही नियमित एवं त्वरित स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव की उपस्थिति में सीटी बस ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के समस्त जोनल कार्यालयों में कर्मचारियों की सुरक्षा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित क्षेत्रीय सीएसआई एवं जोन कोऑर्डिनेटर्स को बीपी मशीन, ब्लड शुगर जांच मशीन एवं फर्स्ट एड किट वितरित किए गए। साथ ही कार्य के दौरान किसी कर्मचारी को आपात स्थिति उत्पन्न होने पर प्राथमिक उपचार देने एवं सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) करने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य उपकरणों के संचालन, ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच की प्रक्रिया, पोर्टेबल ईसीजी मशीन के उपयोग, पल्स ऑक्सीमीटर के संचालन, प्राथमिक स्वास्थ्य प्रबंधन तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर देने की व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में नगर निगम के सभी 22 जोनों के प्रतिनिधियों, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य कियोस्क के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रभारी श्री अश्विनी शुक्ल, श्री मनीष शर्मा मामा, पार्षद श्रीमती कंचन गिदवानी, सुश्री रूपाली पेंढाकर, श्री राजीव जैन, श्री महेश बेस, श्री भरतसिंह रघुवंशी सहित अन्य पार्षदगण, अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह, समस्त स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई, एनजीओ प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
*महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव* ने कहा कि सफाईमित्रों की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी दृष्टि से सभी जोनल कार्यालयों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीपी मशीन, ब्लड शुगर मशीन एवं फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान किसी भी अप्रिय अथवा आपात स्थिति में निगम कर्मचारी अपने साथी कर्मचारी को प्राथमिक उपचार देने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार सीपीआर भी दे सके, इसके लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
*महापौर श्री भार्गव* ने कहा कि “ *हमारे कर्मचारियों के स्वास्थ्य और शिक्षा की चिंता करना हमारी जिम्मेदारी है।* सफाईमित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है।”
*स्वास्थ्य प्रभारी श्री अश्विनी शुक्ल एवं अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह* ने बताया कि नगर निगम के सभी 22 जोन कार्यालयों में स्वास्थ्य कियोस्क स्थापित किए गए हैं।। इन कियोस्क के माध्यम से सफाईमित्रों की नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, वजन, पल्स ऑक्सीजन सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से सफाईमित्रों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी संभव होगी और किसी बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान कर समय पर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल से सफाईमित्रों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पतालों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कार्यस्थल के निकट ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से उनका समय बचेगा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित होगा तथा उनकी कार्यक्षमता और जीवन गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आएगा।
स्वास्थ्य कियोस्क के प्रभावी संचालन के लिए नगर निगम के प्रत्येक जोन से एक जोनल हेल्थ कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। संबंधित जोनल हेल्थ कोऑर्डिनेटर अपने क्षेत्र के सीएसआई के साथ समन्वय स्थापित करते हुए स्वास्थ्य कियोस्क का संचालन एवं नियमित स्वास्थ्य जांच व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
संपूर्ण व्यवस्था का पर्यवेक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में की जाएगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, नियमितता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सकेगी।


Post a Comment