मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी को सोपा ज्ञापन..
दबंग देश अनिल शर्मा गंजबासौदा
गंज बासौदा -- मंगलवार दोपहर कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पैदल जुलूस निकालते हुए तहसील स्थित अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी अनुभा जैन को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों से संबंधित कई प्रमुख मांगें उठाई गईं। इनमें हार्वेस्टर प्रबंधन के लिए एसएमएस अनिवार्यता संबंधी आदेश पर पुनर्विचार और उसे स्थगित करने की मांग शामिल है। कांग्रेस ने मसूर की खरीदी समर्थन मूल्य पर 4 क्विंटल प्रति बीघा करने की भी मांग की।
इसके अलावा, जिला सहकारी बैंक में केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च से बढ़ाकर 31 मई करने की मांग की गई। गेहूं का समर्थन मूल्य 3000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जले हुए ट्रांसफॉर्मर को शीघ्र बदलने की भी अपील की गई।
कांग्रेस ने गेहूं, चना और मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी 1 अप्रैल के बजाय 20 मार्च से शुरू करने की मांग की, ताकि किसानों को अपनी फसल कम दाम पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि इन समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण नहीं किया गया, तो किसान कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

Post a Comment