नाहरू मोहम्मद दबंग देश जावरा।जावरा ब्लॉक के चिकलाना में दो माह पूर्व पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री के मास्टरमाइंड दिलावर खान को वन विभाग ने सोमवार को जावरा जेल से 2 दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है, जिससे घर से मिले 2 मोर, 6 तीतर और 40 किलो चंदन की लकड़ी के मामले में पूछताछ की जा रही है।आरोपी दिलावर खान को जावरा में पुलिस अभिरक्षा में लेकर वन विभाग के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। अधिकारी दिलावर से मोर और तीतर लाने के साथ-साथ चंदन की लकड़ी की कटाई व तस्करी के तार जोड़कर जानकारी जुटा रहे हैं। इस पूरे मामले की विस्तृत जांच करने के लिए स्टेट टाइगर फोर्स इंदौर की टीम भी रतलाम आई।
उल्लेखनीय है कि कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव चिकलाना में पुलिस ने 16 जनवरी की रात करीब 2:30 बजे दिलावर के मकान पर दबिश दी थी। यहां अवैध रूप से संचालित की जा रही एमडी ड्रग फैक्ट्री का खुलासा हुआ था और पुलिस के साथ घर वालों ने झूमाझटकी भी की थी।
मौके से 10 किलो 930 ग्राम एमडी ड्रग, करीब 3 करोड़ रुपए का केमिकल, दो 12 बोर की बंदूकें और 91 कारतूस बरामद हुए थे।
पुलिस ने घर के मुखिया दिलावर खान, उसकी दो पत्नियों, बेटे, बहू, दामाद व बेटी समेत 16 लोगों पर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया था। दिलावर समेत अन्य आरोपी रिमांड के बाद से जेल में हैं। वहीं, पुलिस 10 और आरोपियों पर केस दर्ज कर चुकी है, जिनकी तलाश जारी है।
इनका कहना है
डीएफओ अनुभा तिवारी ने बताया, “आरोपी दिलावर खान के पास से से दो मोर, चंदन की लकड़ी और तीतर जब्त किए थे।" उन्होंने कहा, “इसके खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम और अवैध रूप से लकड़ी काटने और परिवहन करने का केस दर्ज किया था।" डीएफओ ने बताया, "इसी के तहत प्रोडेक्शन वारंट पर दो दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है।"

Post a Comment