मिल रहा निःशुल्क प्रशिक्षण
दबंग देश अनिल शर्मा विदिशा
विदिशा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत संचालित सशक्त वाहनी अभियान के तहत बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत एडिशनल कलेक्टर अनिल कचवारे ने बालिकाओं को मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर अनिल कचवारे ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और सही दिशा में मेहनत आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं को लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सशक्त वाहनी अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। अभियान के अंतर्गत विशेषज्ञों द्वारा नियमित मार्गदर्शन दिया जा रहा है तथा आवश्यक निःशुल्क अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
साथ ही प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पोषण युक्त अल्पाहार भी प्रदान किया जा रहा है। इस पहल से जिले की बालिकाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और वे अपने भविष्य को लेकर अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।

Post a Comment