प्रकाश साहू दबंग देश
नरसिंहगढ़। नगर में नवरात्रि के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के तत्वाधान में मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी द्वारा विभिन्न झांकी पंडालों में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नगर के संजय नगर, नजरबाग, सोना कुंज, डॉ. शिव जी का चौक करणी माता मंदिर परिषद सहित अन्य प्रमुख झांकी पंडालों में स्थानीय माता-बहनों एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों द्वारा माता रानी की पूजा-अर्चना के पश्चात विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया।
कार्यक्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जैसे माता रानी के आठों हाथों में शस्त्र हैं, जो धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश का प्रतीक हैं, वैसे ही आज के समय में प्रत्येक माता-बहन के पास आत्मरक्षा के लिए शस्त्र और शास्त्र दोनों का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है।
शस्त्र पूजन के साथ ही बहनों को संबोधित करते हुए कहा गया कि नारी केवल पूज्य ही नहीं, शक्ति स्वरूपा भी है। उसे अबला नहीं, सबला बनना होगा। एवं समाज से निवेदन किया कि प्रत्येक नारी को उसकी आयु के अनुसार माँ बहन और बेटी का दर्जा देकर उसका सम्मान करना ही सही मायने में देवी पूजन है।
स्वदेशी का संकल्प:
इस अवसर पर समाज से आह्वान किया गया कि दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली सभी वस्तुओं में स्वदेशी वस्तुओं का ही उपयोग करें। विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार और स्वदेशी को अपनाना ही सच्ची देशभक्ति और सनातन के प्रति सम्मान है। विदेशी कंपनियां हमारे ही पैसे से हमारे धर्म के विरुद्ध कार्य करती हैं, इसलिए स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनी वासी, माता-बहनें, झांकी समिति के सदस्य और विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने धर्म रक्षा और समाज की सुरक्षा का पर्यावरण की सुरक्षा संकल्प लिया।

Post a Comment