Top News

जनभागीदारी से स्वच्छता का संदेश, आयकर कॉलोनी में चला विशेष सफाई अभियान Message of cleanliness through public participation: Special cleanliness drive held in Income Tax Colony.



उज्जैन। स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 27 सितंबर को प्रधान आयकर आयुक्त (आरयू)-1, उज्जैन के मार्गदर्शन एवं डॉ. राजाराम साह के नेतृत्व में आयकर कॉलोनी, वेदनगर में जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयकर रहवासी कल्याण समिति के सभी रहवासियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे में कमी और पुनःचक्रण की भूमिका के संबंध में जागरूक किया गया। कचरे का पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छता की नियमित आदतों को अपनाने के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

स्वच्छता अभियान को धरातल पर उतारते हुए आयकर विभाग, उज्जैन के अधिकारी-कर्मचारियों ने झाड़ू, दस्ताने एवं पर्यावरण अनुकूल कचरा संग्रहण बैग के साथ रहवासी परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान में रहवासियों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई में सहयोग किया।

नगर निगम उज्जैन के सहयोग से एकत्रित कचरे का उचित तरीके से संग्रहण एवं निस्तारण किया गया। आयोजन के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post