मुख्य मार्गों पर दिखा पुलिस का दमदार पहरा, असामाजिक तत्वों को दो टूक चेतावनी—व्यवस्था बिगाड़ी तो होगी सख्त कार्रवाई
जयप्रकाश खडसे दबंग देश
पीथमपुर/अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर पीथमपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्योहार के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को थाना पीथमपुर सेक्टर-1 पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी श्रीमती हीना जोशी के नेतृत्व में निकले पुलिस बल के मार्च से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया।
फ्लैग मार्च के दौरान करीब 10 पुलिस जवान शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को रोकना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना रहा। पुलिस ने संवेदनशीलता को देखते हुए कानून-व्यवस्था पर विशेष नजर रखने का संदेश दिया।
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की कि अनंत चतुर्दशी का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
पुलिस ने असामाजिक तत्वों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में माहौल बिगाड़ने, हुड़दंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अनंत चतुर्दशी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। त्योहार के दौरान शहर में पुलिस की सक्रिय निगरानी रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।

Post a Comment