Top News

हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर का गठन Indore chapter of Hindu Economic Forum formed

व्यापार, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए होंगे व्यापक प्रयास

इंदौर। भारत के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण साझेदारी निभाने के उद्देश्य से हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर का गठन किया गया है। चैप्टर की कार्यकारी समिति में श्री तपन शर्मा को अध्यक्ष, श्री नमन अग्रवाल को उपाध्यक्ष, श्री अक्षय गुप्ता को सचिव तथा सीए खुशबू सेठिया को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चैप्टर कार्यकारिणी इंदौर एवं मालवा क्षेत्र में व्यापार, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ व्यवसायियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स, निवेशकों एवं युवाओं को एक साझा मंच पर लाकर नए आर्थिक अवसरों के सृजन की दिशा में कार्य करेगी।



अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदू इकोनॉमिक फोरम एक सामाजिक पहल के रूप में समाज के उद्यमियों, व्यवसायियों, प्रोफेशनल्स, निवेशकों, युवाओं और विभिन्न संस्थाओं को एक मंच पर जोड़ने की दिशा में कार्य करता है। फोरम का उद्देश्य आपसी सहयोग, व्यापारिक अवसरों, निवेश एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देना है। फोरम के प्रमुख कार्यक्षेत्रों में उद्यमिता, आर्थिक सहयोग, निवेश एवं नवाचार, सरकार-उद्योग संवाद, नेतृत्व विकास, ज्ञान-विनिमय तथा संस्था निर्माण शामिल हैं। 


हिन्दू इकोनॉमिक फोरम इंदौर चैप्टर आगामी कार्यकाल में इंदौर एवं मालवा क्षेत्र की व्यावसायिक क्षमता को नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में विशेष रूप से कार्य करेगा। चैप्टर द्वारा विभिन्न व्यावसायिक संगोष्ठियों, व्यापार मेलों, व्यापारिक आदान-प्रदान बैठकों, उद्योग संवाद, ज्ञान-विनिमय कार्यक्रमों एवं उद्यमिता केंद्रित आयोजनों का आयोजन किया जाएगा।


इन पहलों के माध्यम से क्षेत्र के व्यवसायियों एवं उद्यमियों को नए बाजारों, संभावित व्यापारिक साझेदारों, निवेशकों, विशेषज्ञों और अन्य उद्यमियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यापार के नए अवसर, निवेश की संभावनाएं और सहयोग की नई राहें विकसित हो सकें। चैप्टर का लक्ष्य है कि इंदौर एवं मालवा के व्यवसायों को स्थानीय स्तर से आगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अवसरों से भी जोड़ा जाए।


“सामूहिक आर्थिक प्रगति के लिए व्यापारिक समुदाय को एक मंच पर लाना हमारा लक्ष्य” — तपन शर्मा


हिन्दू इकोनॉमिक फोरम - इंदौर चैप्टर के अध्यक्ष श्री तपन शर्मा ने कहा कि इंदौर और मालवा की पहचान सदैव उद्यमिता, परिश्रम और व्यापारिक दूरदृष्टि के लिए रही है। इंदौर इकाई का प्रयास रहेगा कि इस सामर्थ्य को एक ऐसा मंच मिले, जहां व्यवसायी एक-दूसरे से जुड़ें, अपने अनुभव साझा करें और मिलकर नए अवसरों का निर्माण करें। हमारा उद्देश्य केवल जागृति तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना है, जिससे समाज की सामूहिक आर्थिक प्रगति को गति मिल सके।”


“सही संपर्क और सहयोग से बनेंगे नए व्यापारिक अवसर” — नमन अग्रवाल


चैप्टर के उपाध्यक्ष श्री नमन अग्रवाल ने बताया कि आज के समय में किसी भी व्यवसाय के विस्तार के लिए बाजार के साथ-साथ सही संपर्क, जानकारी और सहयोग भी महत्वपूर्ण हैं। अतः हमारा प्रयास रहेगा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे व्यवसायियों और उद्यमियों को एक-दूसरे से जोड़ा जाए, ताकि उनके बीच वास्तविक व्यापारिक संभावनाएं विकसित हों। विशेष रूप से युवा और उभरते उद्यमियों को अनुभवी व्यवसायियों, निवेशकों और विशेषज्ञों से जोड़ना हमारी महत्वपूर्ण प्राथमिकता रहेगी।


“ज्ञान और अनुभव की साझेदारी से तैयार होगी नई उद्यमशील पीढ़ी” — अक्षय गुप्ता

 इंदौर चैप्टर के सचिव श्री अक्षय गुप्ता ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा की किसी भी समाज की आर्थिक शक्ति उसके ज्ञान, कौशल, अनुभव और उद्यमशीलता में निहित होती है। हिन्दू इकोनॉमिक फोरम ऐसे मंच विकसित करने का प्रयास करेगा, जहां अनुभवी उद्यमियों का अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा एक साथ आए। व्यावसायिक संगोष्ठियों, संवाद कार्यक्रमों और ज्ञान-विनिमय के माध्यम से युवाओं को सीखने, आगे बढ़ने और अपने उद्यमों को विस्तार देने के अवसर उपलब्ध कराना हमारा प्रयास रहेगा।


देवी अहिल्याबाई की विरासत से प्रेरणा लेकर महिला आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर — सीए खुशबू सेठिया


इंदौर चैप्टर की कोषाध्यक्ष सीए खुशबू सेठिया ने कहा, “मालवा की धरती को पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर की महान विरासत प्राप्त है। उनकी दूरदृष्टि और समाज निर्माण की भावना से प्रेरणा लेते हुए हिन्दू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर महिला आर्थिक सशक्तिकरण को विशेष महत्व देगा। हमारा प्रयास रहेगा कि महिला उद्यमियों और महिलाओं द्वारा संचालित व्यवसायों को ऐसा मंच मिले, जहां उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए नए संपर्क, बाजार, मार्गदर्शन और सहयोग के अवसर प्राप्त हों।महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और उद्यमिता को मजबूत करना पूरे परिवार और समाज की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


हिन्दू इकोनॉमिक फोरम- इंदौर चैप्टर का प्रयास रहेगा कि इंदौर एवं मालवा क्षेत्र के उद्यमियों को व्यापक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आर्थिक नेटवर्क से जुड़ने के अवसर मिलें। इंदौर चैप्टर इसी सोच को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए उद्यमिता, नेतृत्व, ज्ञान, नवाचार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत बनाने हेतु कार्य करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post