नाहरू मोहम्मद दबंग देश जावरा। नगर के वार्ड क्रमांक 9 में लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बने खुले नालों को अंततः सीमेंट के कवर से ढंकने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वार्ड पार्षद श्रीमती जानीबाई धाकड़ के प्रतिनिधि दशरथ कसानिया की सक्रियता और विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के हस्तक्षेप के बाद नगर पालिका प्रशासन ने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की है। आनंदी हनुमान श्मशान घाट से लेकर जबरन कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी तक फैले इस गहरे नाले को अब सुरक्षित तरीके से कवर कर दिया गया है।
पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने बताया कि करीब 4 फीट गहरे और 3 फीट चौड़े इस नाले पर पूर्व में कई बार फर्शी पत्थर लगाए गए थे, लेकिन असामाजिक तत्वों द्वारा पत्थरों की चोरी करने या उनके टूट जाने से स्थिति जस की तस हो गई थी। यहां तक कि नालों के बीच बने चैम्बरों पर लगी लोहे की जालियां भी गायब हो चुकी थीं। इसके चलते आए दिन मवेशियों के गिरने की घटनाएं हो रही थीं और राहगीरों व वाहन चालकों के लिए भी हमेशा जानलेवा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता था।
वार्ड अंतर्गत रामबाग क्षेत्र में भी ओपन नाला राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ था, जिस पर अब मजबूती के साथ सीमेंट के कवर रखवा दिए गए हैं। क्षेत्रवासियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान पर हर्ष व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि पार्षद प्रतिनिधि श्री धाकड़ ने विधायक डॉ.पांडेय को समस्या से विस्तार से अवगत कराया था, जिसके बाद नपा प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर यह सुरक्षा कार्य संपन्न कराया। इस पहल से स्थानीय निवासियों और आवागमन करने वाले लोगों ने राहत की सांस ली ।

Post a Comment