आयुक्त द्वारा कबीट खेड़ी एवं किला मैदान के पास निर्माणाधीन एसटीपी का निरीक्ष
बांगड़दा रोड पर ट्रेंचलैस पद्धति से किया जा रहा है सीवर लाइन कार्य
मुसाखेड़ी से स्काडा सिस्टम का किया अवलोकन
कार्य समय सीमा में पूर्ण करे-कार्य की गति धीमी होने पर निर्माणकर्ता एजेंसी तेजी लाने के निर्देश
रितेश जैन दबंग देश
इंदौर दिनांक 11 मार्च 2026। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत शहर में निर्माणाधीन सीवरेज एवं जल प्रबंधन परियोजनाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने *120 एमएलडी क्षमता के कबीटखेड़ी एसटीपी तथा 35 एमएलडी क्षमता के किला मैदान (मंडी सचिव कार्यालय के पास) स्थित एसटीपी प्लांट* के निर्माण कार्य का स्थल पर जाकर अवलोकन किया तथा निर्माण एजेंसी से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री श्री अश्विन जनवदे, सहायक यंत्री श्री आकाश जैन, श्री प्रभात तिवारी, संबंधित एजेंसी एवं कंसल्टेंट के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा
आयुक्त श्री सिंघल ने किला मैदान तथा कबीटखेड़ी स्थित निर्माणाधीन एसटीपी प्लांटों का विस्तृत निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी से प्रोग्रेस रिपोर्ट प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित एजेंसी को साइट पर लेबर एवं संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा सके।
416 करोड़ की लागत से बन रहे तीन एसटीपी संयंत्र
उल्लेखनीय है कि नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत लगभग 416 करोड़ रुपये की लागत से इंदौर शहर में तीन स्थानों पर एसटीपी संयंत्रों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें
35 एमएलडी क्षमता का एसटीपी – किला मैदान (मंडी सचिव कार्यालय के पास)
120 एमएलडी क्षमता का एसटीपी – कबीटखेड़ी
40 एमएलडी क्षमता का एसटीपी – कनाडिया क्षेत्र
शामिल हैं। यह परियोजनाएं आगामी सिंहस्थ महापर्व को दृष्टिगत रखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
मुसाखेड़ी में स्काडा सिस्टम का किया अवलोकन
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री सिंघल ने *मुसाखेड़ी स्थित स्काडा (SCADA) सिस्टम* का भी अवलोकन किया। यहां से शहर के जल आपूर्ति की स्थिति, प्रेशर , टंकी भरने की स्थिति आदि की निगरानी की जाती है। आयुक्त ने अधिकारियों को ग्रीष्म ऋतु में जलापूर्ति के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
ट्रेंचलेस पद्धति से सीवर लाइन कार्य का भी निरीक्षण
आयुक्त श्री सिंघल द्वारा *बांगड़दा रोड पर ट्रेंचलेस पद्धति* से किए जा रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए कार्य को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि ट्रेंचलेस तकनीक के माध्यम से भूमित पाइपलाइन डालने का कार्य बिना सड़क को अधिक नुकसान पहुंचाए किया जा सकता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होती और नागरिकों को कम असुविधा होती है।


Post a Comment