खाली प्लॉट पर लगाए निगम संपत्ति के बोर्ड
संपत्ति नामांतरण के लंबित प्रकरणों का समय सीमा में करें निराकरण
राजस्व वसूली करना ही नहीं है, बल्कि करदाताओं को सहयोग और सुविधा प्रदान करना भी है - महापौर* रितेश जैन दबंग देश
इंदौर, दिनांक 11 मार्च 2026। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव द्वारा आगामी नेशनल लोक अदालत तथा वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत राजस्व वसूली की प्रगतिकी समीक्षा के लिए सिटी बस ऑफिस में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्रभारी श्री निरंजन सिंह चौहान, अपर आयुक्त श्री शृंगार श्रीवास्तव, उपायुक्त श्री केशव सगर, श्री प्रदीप जैन, समस्त सहायक राजस्व अधिकारी, बिल कलेक्टर तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे
।
बैठक के दौरान महापौर श्री भार्गव ने समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत तथा वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 31 मार्च से पूर्व नगर निगम द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यह इस वित्तीय वर्ष की अंतिम लोक अदालत है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक बकाया राजस्व की वसूली सुनिश्चित करें।
महापौर श्री भार्गव ने कहा कि प्रदेश शासन के आत्मनिर्भर नगर निगम के विचार के अनुरूप निगम द्वारा बेहतर* कार्य किया जा रहा है और लोक अदालत का आयोजन नागरिकों के हित में किया जाता है। लोक अदालत में करदाताओं को सरचार्ज में छूट का लाभ मिल रहा है, जिससे नागरिकों को राहत मिलती है। उन्होंने सहायक राजस्व अधिकारियों एवं बिल कलेक्टरों को निर्देशित किया कि *विगत लोक अदालत की तुलना में इस बार अधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करने* के लिए लक्ष्य निर्धारित कर प्रभावी कार्यवाही की जाए।
बैठक के दौरान *महापौर श्री भार्गव ने करदाताओं से भी अपील* की कि वे वित्तीय वर्ष की अंतिम नेशनल लोक अदालत में शासन द्वारा प्रदान की जा रही सरचार्ज में छूट का लाभ लेते हुए अपने बकाया संपत्तिकर एवं अन्य देय राजस्व का भुगतान कर निगम को सहयोग प्रदान करें।
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए महापौर श्री भार्गव ने विगत वित्तीय वर्ष में नगर निगम द्वारा की गई कुल राजस्व वसूली तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्य की जानकारी झोनवार सहायक राजस्व अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि *पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक राजस्व वसूली* सुनिश्चित की जाए तथा राजस्व वसूली की गति को तेज किया जाए।
महापौर श्री भार्गव ने निर्देश दिए कि *शहर में ऐसे खाली प्लॉट, जिन पर नगर निगम का राजस्व बकाया है, उन पर निगम संपत्ति संबंधी बोर्ड लगाए* जाएं, ताकि बकायादारों को नोटिस स्वरूप जानकारी प्राप्त हो सके। इसके साथ ही शहर के बड़े बकायादारों, होटल, हॉस्टल, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप तथा अन्य व्यवसायिक संपत्तियों के संचालकों से लगातार संपर्क कर बकाया राजस्व की वसूली सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि *नगर निगम का उद्देश्य केवल राजस्व वसूली करना ही नहीं है, बल्कि करदाताओं को सहयोग और सुविधा प्रदान करना भी है।* इस दौरान महापौर श्री भार्गव ने संपत्ति नामांतरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि *30 दिवस से अधिक समय से लंबित नामांतरण प्रकरणों की जांच की* जाए तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाए।

Post a Comment