अनिल पेन्टर ,दबंग देश
गौतमपुरा । चैत्र पूर्णिमा पर श्री हनुमान प्रकटोत्सव नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया । गुरुवार सुबह से देर रात तक विभिन्न मंदिरों में हनुमान चालीसा, संगीतमय सुंदरकांड, हवन-पूजन, महाआरती और भंडारे का आयोजन होता रहा । नगर के मध्य हनुमान बाजार स्थित वीर खेड़ापति हनुमान मंदिर पर सुबह 6 बजे विशेष हवन हुआ । रात्रि 8 बजे भगवान श्रीराम के परम भक्त, रुद्र के ग्यारहवें अवतार हनुमानजी के जन्मोत्सव पर एकादश (ग्यारह) हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया ।
चैत्र मास की पूर्णिमा गुरुवार को मालवा के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कुलदीप शर्मा के सानिध्य में पं. कृष्णवल्लभ शर्मा एवं पं. अमित जोशी द्वारा एक साथ, एक सुर में मुक्तकंठ से एकादश (ग्यारह) पर संगीतमय हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन किया गया । इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु जोड़े सहित शामिल हुए । कार्यक्रम के पश्चात महाआरती हुई और मोहनभोग प्रसादी का वितरण किया गया । इधर, नगर के अन्य हनुमान मंदिरों में भी विविध धार्मिक आयोजन हुए । रलायता रोड स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर पर भगवान को आकर्षक चोला चढ़ाया गया तथा शाम को सुंदरकांड और भंडारे का आयोजन हुआ । शक्ति मंदिर स्थित हनुमान मंदिर पर प्रेम राठौड मित्र मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ व प्रसादी वितरण किया गया । वहीं ग्राम जलोदिया ज्ञान के हनुमान मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां पुजारी रमेशदास बैरागी ने भक्तों को रक्षा सूत्र बांधकर प्रसादी वितरित की । बटुक प्रेमदास द्वारा हवन भी किया गया । ग्राम रलायता में हनुमान मंदिर पर छप्पन भोग अर्पित किया गया । पूरे क्षेत्र में हनुमान प्रकटोत्सव बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ ।

Post a Comment