जिला प्रशासन बोला पर्याप्त स्टॉक पैनिक न हो।
नाहरू मोहम्मद दबंग देश जावरा।इजराइल-ईरान युद्ध के बीच पेट्रोल खत्म होने और कीमतें बढ़ने की अफवाह फैलने पर रतलाम शहर सहित जावरा, पिपलौदा और कालूखेड़ा के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जावरा के चौपाटी स्थित एक पेट्रोल पंप बंद होने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग वाहनों की टंकियां फुल कराने और खाली केनों में पेट्रोल-डीजल लेने पहुंच गए, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हालात को नियंत्रित करने के लिए रात में ही प्रशासनिक अधिकारियों ने अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर स्टॉक की जांच की। कलेक्टर मिशा सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है और पंप संचालकों को बोतलों या ड्रम में फ्यूल देने पर रोक लगा दी गई है।
यहां यह बता दे कि मंगलवार की शाम तक माहोल शांत रहने के बाद देर शाम अचानक से पेट्रोल/डीजल के लिए जिले भर में पैनिक क्रिएट हो गया। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल ही में संसद में दिए गए भाषण के बाद लोगों में आशंका बढ़ी और रतलाम में अचानक पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही वहां की भीड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जावरा में भी हालात तेजी से बिगड़ गए। शाम तक शांत रहे जावरा में अचानक हालात बेकाबू हो गए और शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर दुपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।चौपाटी स्थित बोहरा पेट्रोल पंप पर तो पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया तो संचालक ने पंप बंद कर दिया। जिसके बाद घबराए लोग रिलायंस पेट्रोल पंप और पुलिस पेट्रोल पंप के साथ अन्य पंप की ओर दौड़ पड़े। वहां पहले से लगी लंबी कतारों ने स्थिति को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया।
जिला प्रशासन बोला पर्याप्त स्टॉक पैनिक न हो
इधर, जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले के अनुसार, 24 मार्च 2026 तक जिले के सभी 184 पेट्रोल पंपों पर करीब 13,26,000 लीटर पेट्रोल और 16,16,000 लीटर डीजल उपलब्ध है, जो पूरी तरह पर्याप्त है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या सोशल मीडिया अफवाहों पर विश्वास न करें।

Post a Comment