Top News

सदगुरु ब्रह्मलीन अनंत श्री जयकरण दास जी का जन्मोत्सव श्रद्धा-भक्ति के साथ धूमधाम से सम्पन्नThe birth anniversary of Sadguru Brahmalin Anant Shri Jaikaran Das ji was celebrated with great pomp and devotion.

महातीर्थ धाम में 351 परिवारों ने अर्पित किया छप्पन भोग, सेमली नर्मदा आश्रम में उमड़ा जनसैलाब

दीपक शर्मा दबंग देश


देपालपुर। श्री 24 अवतार महातीर्थ धाम के संकल्पकर्ता सद्गुरु भगवान ब्रह्मलीन अनंत श्री जयकरण दास जी भक्त माली परमहंस महाराज का जन्मोत्सव शनिवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर देपालपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु महातीर्थ धाम एवं सेमली नर्मदा आश्रम पहुंचे और सद्गुरु भगवान के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।



प्रातःकाल से ही महातीर्थ धाम में विविध धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हो गया। मंदिर परिसर को आकर्षक फूल बंगले से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा। इस अवसर पर 351 परिवारों द्वारा सामूहिक रूप से छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें घर-घर से तैयार व्यंजन, मेवा, मिश्री, ड्रायफ्रूट एवं फल-फ्रूट शामिल रहे। भोग दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।


कार्यक्रम के अंतर्गत 12 दिवसीय अखंड रामधुन का विधिवत समापन किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भावविभोर होकर शामिल हुए। तत्पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया गया। दिनभर भजन-कीर्तन, गुरु स्मरण एवं धार्मिक आयोजनों से पूरा परिसर गूंजता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने गहन आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।


वहीं सेमली स्थित नर्मदा आश्रम में प्रातः 10 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर सद्गुरु भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। 


श्री 24 अवतार मंदिर ट्रस्ट के सचिव चिंटू वर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के सभी आयोजन पूर्ण श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न हुए।

Post a Comment

Previous Post Next Post