AMDA के तीन दिवसीय अध्ययन दौरे का सफल समापन
इंदौर।एसोसिएशन ऑफ म्युनिसिपैलिटीज एंड डेवलपमेंट अथॉरिटीज (AMDA), नई दिल्ली द्वारा 30 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक इंदौर में तीन दिवसीय अध्ययन दौरे* का सफल आयोजन किया गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड के *सदस्य सचिव एवं AMDA के अध्यक्ष श्री गुलजार नटराजन (IAS)* के मार्गदर्शन में आयोजित इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के नगरीय निकायों को इंदौर के उत्कृष्ट ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्रभावी शहरी प्रशासन मॉडल से अवगत कराना था।
अध्ययन दौरे में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश तथा अरुणाचल प्रदेश के 26 वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर नगर निगम की विभिन्न स्वच्छता एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजशाही गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, जीरो वेस्ट इंदौर जू, केसरबाग आरआरआर सेंटर, गोवर्धन प्लांट, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF), बायोरेमेडिएशन साइट, स्लज हाइजीनाइजेशन प्लांट, वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग), डिजिटल गवर्नेंस सिस्टम तथा नागरिक सहभागिता जैसे सफल मॉडलों का अवलोकन कर उनकी कार्यप्रणाली को समझा।
कार्यक्रम के दौरान अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह तथा स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री अर्थ जैन ने प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए इंदौर की स्वच्छता यात्रा, रणनीतिक योजना, नवाचार आधारित प्रबंधन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही नगर निगम की पैनलबद्ध संस्थाओं 'बेसिक म्युनिसिपल वेस्ट वेंचर्स' एवं 'फीडबैक फाउंडेशन' के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यवहारगत पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
AMDA के निदेशक-सह -सचिव श्री कल्याण सहाय मीणा (IAS-R) ने कहा कि इस प्रकार के अध्ययन दौरे विभिन्न शहरों के बीच ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम हैं, जिससे सफल मॉडलों को अन्य नगरों में अपनाने में सहायता मिलती है। अध्ययन दौरे में शामिल सभी अधिकारियों ने इंदौर के स्वच्छता मॉडल, प्रभावी शहरी प्रबंधन एवं जनभागीदारी की सराहना करते हुए अपने-अपने राज्यों में इस मॉडल को अपनाने की इच्छा व्यक्त की।

Post a Comment