सांवेर। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग एवं देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तत्वावधान में संभाग स्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन शासकीय महाविद्यालय सांवेर में किया गया। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में यू.टी.डी. इंदौर ने शासकीय महाविद्यालय सांवेर को 5-4 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। सांवेर की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पाताल विजय उल्टे हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं मैदान पूजन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा नेता दिलीप चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी सुभाष जैन तथा सांसद प्रतिनिधि भगवती मकवाना उपस्थित रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.एस. कनेल ने की।
इस अवसर पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की संचालक डॉ. सुधीरा चंदेल, चयन समिति अध्यक्ष डॉ. हरदीप सिंह रूप्पल एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. किशोर ऐरेडे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के पश्चात आयोजित चयन ट्रायल में शासकीय महाविद्यालय सांवेर की तीन महिला खिलाड़ियों का चयन विश्वविद्यालय की टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी महाराष्ट्र में आयोजित होने वाली वेस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी हैंडबॉल प्रतियोगिता में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्राचार्य डॉ. डी.एस. कनेल एवं महाविद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता का संचालन प्रो. नारायण चौधरी ने किया तथा आभार डाॅ रणजीत सिंह रावत ने व्यक्त किया।

Post a Comment