इंदौर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संस्था मशवरा द्वारा आयोजित “निर्मला पाठक अवॉर्ड्स 2026 – Divas of Indore” का भव्य आयोजन 7 मार्च को अभिनव कला समाज में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 24 सशक्त महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. रीना पाटील को प्रतिष्ठित “निर्मला पाठक अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। डॉ. रीना पाटील शिक्षा जगत में एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में जानी जाती हैं। वे अपने नेतृत्व, अनुशासन और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं नैतिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
एक शिक्षाविद् के रूप में डॉ. पाटील का मानना है कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज को बेहतर दिशा देने का सशक्त साधन है। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का भी पाठ सीख रहे हैं।
संस्था की डायरेक्टर असिता शर्मा ने बताया कि यह सम्मान स्वर्गीय निर्मला पाठक की स्मृति में दिया जाता है, जिन्होंने समाज सेवा और यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। संस्था पिछले 14 वर्षों से महिला दिवस के अवसर पर यह आयोजन कर समाज की प्रतिभावान महिलाओं को मंच प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीसीपी राजेश दंडोतिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया।

Post a Comment