दबंग देश आदर्श मेवाड़े
मंडलेश्वर/ जनपद पंचायत महेश्वर अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत लाडवी में ग्रामीणों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गांव के प्राथमिक स्कूल के पास नल-जल योजना की पाइपलाइन के समीप सीवरेज का गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे पानी के दूषित होने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते के पास बने गड्ढे में सीवरेज का पानी भरा रहता है और उसी के पास से नल-जल योजना की पाइपलाइन गुजर रही है। खास बात यह है कि यह समस्या प्राथमिक स्कूल के पास होने से वहां पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। गंदगी और दूषित पानी के कारण बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए ताकि गांव में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके!
इस संबंध में ग्राम पंचायत लाडवी के सचिव रमन कुशवाह से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि नाली निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है और जल्द ही कार्य शुरू कर स्टाफ के माध्यम से इसे पूर्ण कराया जाएगा, जिससे गांव में गंदे पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा।

Post a Comment