उज्जैन। सूरज नगर स्थित श्री जीरावला पार्श्वनाथ नवरत्नधाम जैन मंदिर परिसर में धर्म, अध्यात्म और आत्मजागरण का विशेष आयोजन होने जा रहा है। परम पूज्य ओजस्वी प्रवचनकार गणिवर्य श्री कीर्तिरत्न सागर जी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में 14 एवं 15 मार्च 2026 को दो दिवसीय रात्रिकालीन प्रवचन श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा।
ट्रस्ट सचिव राकेश नाहटा ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों दिन रात्रि 8:15 बजे से आयोजित होने वाले प्रवचनों में गुरुश्री “वर्तमान को वर्धमान की आवश्यकता है” विषय पर विशेष उद्बोधन देंगे। अपने प्रवचनों में वे वर्तमान समय के तनाव, असंयम और मूल्य संकट से जूझते समाज को भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, संयम, करुणा और आत्मजागरण के सिद्धांतों से जोड़ते हुए जीवन को संतुलित और शांतिपूर्ण बनाने का मार्ग बताएंगे।
धर्मसभा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 11 आकर्षक लक्की ड्रॉ तथा विशिष्ट संघ पूजन भी विशेष आकर्षण रहेंगे, जिससे कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की सहभागिता और उत्साह और बढ़ेगा।
15 मार्च (रविवार) को प्रातःकालीन धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। प्रातः 8:30 बजे सामूहिक भक्ताम्बर स्तोत्र पाठ तथा 9:00 बजे सकल संघ के बालक-बालिकाओं द्वारा श्री जीरावला पार्श्वनाथ भगवान का भव्य अभिषेक संपन्न किया जाएगा।
श्री जीरावला पार्श्वनाथ नवरत्नधाम जैन मंदिर ट्रस्ट एवं श्रीसंघ सूरज नगर पार्श्वनाथ परिसर के अध्यक्ष प्रवीण कांकरीया ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। साथ ही पूजन में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं से पवित्र वस्त्र धारण कर कार्यक्रम में शामिल होने का निवेदन किया गया है

Post a Comment