Top News

कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना कियाThe Collector flagged off the HPV vaccine awareness chariot.

 

सुनिल चन्द्रवंशी दबंग देश


 मंदसौर/जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने कलेक्ट्रेट कार्यालय से एचपीवी वैक्सीन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर लोगों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करेगा।


इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कहा कि उन्होंने स्वयं एचपीवी वैक्सीन लगवाई है और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। यह एक सुरक्षित और प्रभावी टीका है, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं और अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं।

कलेक्टर ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन के प्रचार-प्रसार के लिए जिले में “एचपीवी टीका मित्र” भी बनाए गए हैं, जो नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं हैं। ये टीका मित्र गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर उन्हें इस वैक्सीन के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि इस वैक्सीन के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार बहुत जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक बच्चियां इसका लाभ ले सकें।

उन्होंने बताया कि जिले में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके लिए जिले में 10 वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए हैं, जहां नियमित रूप से टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीका लगने के बाद केवल हल्का दर्द हो सकता है, जो अन्य टीकों की तरह सामान्य है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूल, आंगनवाड़ी और अन्य माध्यमों से अभिभावकों तक सही जानकारी पहुंचाएं। साथ ही सभी फील्ड ऑफिसर अपने कार्यालयों में एचपीवी वैक्सीन से संबंधित प्रचार सामग्री भी प्रदर्शित करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी अपने स्तर पर बालिकाओं को चिन्हित कर उनका वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें, ताकि कम समय में अधिक से अधिक बच्चियों को इस टीके का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नर्सिंग कॉलेज का स्टाफ तथा एचपीवी टीका मित्र, पत्रकार उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post