त्योहारों उलटफेर वाला रंगोत्सव: ग्रहण के बीच 3 मार्च धूलेंडी, अगले दिन मेला
अनिल पेन्टर,दबंग देश
गौतमपुरा । नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इस वर्ष होली पर्व पर चंद्र ग्रहण के विशेष संयोग का प्रभाव देखने को मिलेगा । 3 मार्च को पड़ रहे चंद्रग्रहण के कारण पर्व क्रम में उलटफेर हुआ है, जिसके चलते होलिका दहन, धूलेंडी, गल महादेव का पूजन अलग-अलग दिनों में मनाए जाएंगे । मालवा के प्रसिद्ध पं. कुलदीप शर्मा ने बताया कि आज सोमवार 2 मार्च की होलिका डांडा लगाया जाएगा रात्रि 1:30 बजे से 2:30 बजे के शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से होलिका दहन किया जाएगा । इसके पश्चात मंगलवार 3 मार्च को चंद्रग्रहण होने से ब्रह्ममुहूर्त 4:00 बजे से 6:20 बजे तक ही होलिका की पूजा-अर्चना पूर्ण करनी होगी इसके बाद ग्रहण सूतक प्रभावी होने से पूजा अर्चना निषेध हे, परंपरा अनुसार धूलेंडी 3 मार्च को ही मनाई जाएगी, किंतु लोक परंपरा अनुसार शोकाकुल (गमी) वाले घरों पर समाजजन द्वारा प्रतीकात्मक रंग डालने की परंपरा जारी रहेगी । नगर एवं आसपास के मंदिरों के पट शाम 6:30 बजे शुद्धिकरण के बाद पुनः खोले जाएंगे तथा नियमित पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी ।
प्रतिवर्ष धुलेड़ी पर रुणजी में आयोजित होने वाला गल महादेव का मेला व चूल प्रथा अगले दिन बुधवार 4 मार्च को आयोजित होगी। यहां श्रद्धालु धधकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर मन्नत पूर्ण होने की कामना करेंगे । गल महादेव परिसर में दिनभर विधि-विधान से पूजा-अर्चना का क्रम चलेगा । साथ ही मेले में झूले, मनोरंजन साधन तथा बच्चों के लिए खान-पान की विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी और रंगों का उत्सव भी उल्लास के साथ मनाया जाएगा ।
परंपरानुसार नगर गौतमपुरा में 8 मार्च को रंगपंचमी धूमधाम से मनाई जाएगी । इस अवसर पर नगर परिषद द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं। साथ ही एक नगरवासी के सहयोग से पारंपरिक गैर आयोजन निकाला जाता है, जिसमें नगर के युवा, बुजुर्ग एवं सभी पीढ़ियों के लोग एक साथ रंगपंचमी मनाते हुए शामिल होते हैं ।

Post a Comment