हर घर तिरंगा अभियान के तहत बासौदा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
दबंग देश अनिल शर्मा
गंजबासौदा। स्वतंत्रता के महापर्व को राष्ट्रभक्ति और जनउत्साह के साथ मनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के अंतर्गत सोमवार को गंजबासौदा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शाम 5 बजे स्थानीय लाल परेड ग्राउंड, तहसील कार्यालय परिसर से हुआ। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि, युवा, महिला कार्यकर्ता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग यात्रा में शामिल हुए। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गांधी चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा में गंजबासौदा विधायक हरि सिंह रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष शशि अनिल यादव, जनपद अध्यक्ष नीतू देवेंद्र रघुवंशी सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। हाथों में लहराता तिरंगा और देशप्रेम से ओतप्रोत लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
आयोजन के माध्यम से नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान बासौदा का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

Post a Comment