प्रभावी रैली निकालकर भाजपा ने दिखाई ताकत राज्यमंत्री अग्रवाल नही लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव
राकेश सिंह चौहान दबंग देश
सभा मे दत्तीगांव ने कहा यह चुनाव बदनावर का चुनाव है, जीत जनता की होगी,
बदनावर। विधानसभा चुनाव के नामांकन भरने के अंतिम दिन सोमवार को भाजपा ने नामांकन रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस मौके पर दत्तीगांव ने निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर नामांकन फार्म जमा किया।
नामांकन रैली दोपहर में महात्मा गांधी मॉर्ग में स्थित अहिंसा चौक से शुरू हुई। रैली में भाजपा कार्यकर्ता हाथो में पार्टी के झंडे उठाकर चल रहे थे। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई व लाडली बहना की तख्तियां हाथो में लेकर चलती दिखी। रैली में स्थानीय ढोल, डीजे शामिल थे। भाजपा प्रत्याशी दत्तीगांव का नगर में जगह जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बलवंती नदी तट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से फूलों की वर्षा की।
रैली भैरूउखलिया चौराहा, दुर्गा चौक, सोमेश्वर चौराहा, आंबेडकर चौराहा होते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल बस स्टैंड पहुंची। जहां नुक्कड़ सभा हुई।इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी दत्तीगांव ने कहा कि बदनावर विकास के मामले में तेजी से आगे बढ़ा है। छायन में कपड़ा कारखाना व खेरवास में एशिया का बड़ा सोया प्लांट बदनावर की दिशा व दशा बदल रहा है।
भैंसोला में स्थापित होने वाला पीएम मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित होने जा रहा है। इससे बदनावर पूरे देश मे चमकेगा। भाजपा के राज में बदनावर की तकदीर व तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना हमारी बहनो को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बना रही है।
इस योजना ने बहनो के जीवन मे नई ऊर्जा लाने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी भंवर सिंह शेखावत पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे बेबुनियाद व झूठे आरोप लगाकर वाहवाही लूटने का काम कर रहे है। बदनावर में झूठ बोलने की राजनीति नही चलेगी। शेखावत जिस प्रकार से भाषा का उपयोग कर रहे यह बदनावर के संस्कार नही है। नर्मदा मैया को बदनावर लाने का बेड़ा भाजपा सरकार ने उठाया है। कोटेश्वर में आयोजित सभा मे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने घोषणा कर नर्मदा मैया को लाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि 2018 में जब शेखावत चुनाव हारे थे तब उन्होंने कई भाजपा के नेताओ को भरी सभा मे अपमानित किया था। दत्तीगांव ने कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास है। हम विकास के मुद्दे को लेकर चुनाव लड़ रहे है। यह चुनाव बदनावर का चुनाव है और बदनावर चुनाव लड़ रहा है। इसमें जीत बदनावर की होगी।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी, राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधायक खेमराज पाटीदार, पूर्व राज्यमंत्री महेंद्र सिंह पिपलीपाडा, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ प्रह्लाद सिंह सोलंकी, विधानसभा प्रभारी अशोक जैन, नप अध्यक्ष मीना यादव, सांसद प्रतिनिधि महेंद्रसिंह सक्तावत, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री शांतिलाल सिर्वी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक सोनी, धर्मेंद्र शर्मा, जितेंद्र जाट, जिला मंत्री विक्रम पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष जहांगीर लाला, रामेश्वर मुकाती, ईश्वरलाल पाटीदार,
दिनेश गिरवाल, मंडल अध्यक्ष नारायणसिंह देवड़ा, धर्मेंद्र राठौड़, उमेश पाटीदार, पवन डोड, मुन्नालाल पटेल समेत कई लोग शामिल थे। भाजपा की रैली के कारण पूरे नगर में कमलमयी माहौल दिखा। बस स्टैंड पर आयोजित सभा का संचालन विधायक प्रतिनिधि राजेद्र सराफ व नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय शर्मा ने किया। आभार भाजपा के विधानसभा संयोजक मोहनसिंह चौहान ने माना।
उधर भाजपा से नाराज चल रहे राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल ने गत दिनों निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। किन्तु सोमवार को उन्होंने नामांकन फार्म जमा नही किया। उन्होंने कहा की में भाजपा प्रत्याशी दत्तीगांव के पक्ष में अपना फार्म जमा नहीं कर रहा हूँ। भाजपा को जिताने का काम करूंगा। पूरी भाजपा एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है। अग्रवाल के निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ने से भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी देखी गई। अगर अग्रवाल निर्दलीय चुनाव लड़ते तो भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता था। वरिष्ठ नेताओं के साथ नामांकन जमा किया
उधर रैली के पहले भाजपा प्रत्याशी राजवर्धनसिंह दत्तीगांव निर्वाचन कार्यालय पहुंचे। जहां भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी, पूर्व विधायक खेमराज पाटीदार, राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व राज्यमंत्री महेंद्रसिंह पीपलीपाड़ा, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ प्रहलादसिंह सोलंकी, अशोक जैन की उपस्थिति में अपना नामांकन फार्म जमा किया। इस दौरान मीडिया से चर्चा में दत्तीगांव ने बदनावर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होने व एमपी में पुनः भाजपा सरकार बनने का दावा किया।
0 Comments