भोपाल, मंदसौर, देवास, उज्जैन, इंदौर, धार, छतरपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 150 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
इंदौर। द वेदांश इंटरनेशनल स्कूल, कैंपस-2, सुपर कॉरिडोर में 5 एवं 6 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश स्टेट रोलबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 150 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप की भव्य ओपनिंग सेरेमनी में मुख्य अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दीपेश गुरुवचन, आयकर विभाग के अधिकारी अश्विनी बिलोनिया, खुशी वानखेड़े, विनीता एवं अंकित खत्री सहित गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर द वेदांश इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या श्रीमती रेनू गुरनानी, स्पोर्ट्स HOD श्री अभिषेक यादव एवं मध्य प्रदेश रोलबॉल के सचिव श्री हेमंत जोशी भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में भोपाल, मंदसौर, देवास, उज्जैन, इंदौर, धार, छतरपुर एवं अन्य जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। चैंपियनशिप के अंतर्गत लीग चरण के कई रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करना तथा रोलबॉल खेल को प्रदेश में और अधिक बढ़ावा देना है।

Post a Comment