दबंग देश
महू/पीथमपुर। भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व महू एवं पीथमपुर क्षेत्र में बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही बाजारों और प्रमुख मार्गों पर रक्षाबंधन की रौनक देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की डोर राखी बांधी तथा उनके सुखी, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा और हर सुख-दुख में साथ देने का संकल्प लिया।रक्षाबंधन को लेकर घर-घर में विशेष उत्साह का माहौल रहा। दूर-दराज रहने वाली बहनें भी अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए महू-पीथमपुर पहुंचीं। कई परिवारों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर राखी का पर्व मनाया गया। बहनों ने भाई की आरती उतारकर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर रक्षासूत्र बांधा। इसके बाद भाइयों ने बहनों को उपहार एवं आशीर्वाद देकर उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया।
बाजारों में भी रक्षाबंधन पर्व की विशेष चहल-पहल दिखाई दी। रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों, उपहारों और कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में पर्व को लेकर उत्साह नजर आया। सोशल मीडिया पर भी भाई-बहन के प्रेम से जुड़े संदेश और तस्वीरें दिनभर साझा की जाती रहीं।
रक्षाबंधन का यह पर्व महू-पीथमपुर क्षेत्र में भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती और पारिवारिक प्रेम की सुंदर तस्वीर पेश करता नजर आया। पूरे क्षेत्र में प्रेम, अपनत्व और खुशियों से भरा वातावरण बना रहा।

Post a Comment