झाबुआ/ महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में झाबुआ जिले के राणापुर विकासखंड अंतर्गत खेड़ा गलती बैराज निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। जल संसाधन विभाग द्वारा ₹207.51 लाख की लागत से निर्मित होने वाले इस बैराज से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा तथा किसानों को कृषि कार्यों के लिए बेहतर जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
खेड़ा गलती बैराज के निर्माण से लगभग 240 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इस परियोजना से ग्राम खेड़ा, गलती एवं मांडली के कुल 305 किसान लाभान्वित होंगे। बैराज निर्माण से किसानों की सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति होने के साथ ही कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में जल संसाधनों के बेहतर उपयोग से कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।
किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाना शासन की प्राथमिकता – मंत्री सुश्री भूरिया
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कृषि के विकास में सिंचाई सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। शासन का प्रयास है कि उपलब्ध जल संसाधनों का समुचित उपयोग कर अधिक से अधिक किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाए।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि खेड़ा गलती बैराज का निर्माण क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इस परियोजना से तीन गांवों के 305 किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा तथा 240 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को खेती में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे, कृषि उत्पादन बढ़ेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि शासन किसानों के हितों एवं क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया, जिला पंचायत सदस्य श्री विजय भाभर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भानु भूरिया, श्री महेश परमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment