दबंग देश अनिल शर्मा
सिरोंज। क्षेत्र के लिए गर्व और युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है कि ग्राम परसोरा, तहसील सिरोंज, जिला विदिशा निवासी सुरेन्द्र रघुवंशी ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित सहायक प्रबंधक परीक्षा-2024 में पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान (State Rank-2) प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
सुरेन्द्र रघुवंशी, कैलाशनारायण रघुवंशी के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, शमशाबाद से हुई। इसके बाद उन्होंने एसजीएसआईटीएस, इंदौर से बैचलर ऑफ फार्मेसी (B.Pharm.), पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से मास्टर ऑफ फार्मेसी (M.Pharm.) तथा सौराष्ट्र विश्वविद्यालय, राजकोट से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन हॉस्पिटल मैनेजमेंट (PGDHM) की उपाधि प्राप्त की।
सुरेन्द्र रघुवंशी ने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत फार्मास्यूटिकल उद्योग में रिसर्च साइंटिस्ट के रूप में की। इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश शासन के स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर सेवाएं दीं। वर्तमान में वे भारतीय रेल के चिकित्सा विभाग में मुख्य फार्मासिस्ट (Chief Pharmacist) के रूप में कार्यरत हैं।
लगातार अध्ययन, अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के बल पर उन्होंने MPPSC सहायक प्रबंधक परीक्षा-2024 में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ उनके विद्यालय, महाविद्यालय, ग्राम परसोरा, सिरोंज क्षेत्र और विदिशा जिले का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
अपनी सफलता का श्रेय सुरेन्द्र रघुवंशी ने अपने माता-पिता, गुरुजनों, परिवार और सभी शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी से प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, मित्रों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सुरेन्द्र रघुवंशी की सफलता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

Post a Comment