Top News

महाराणा प्रताप जयंती पर प्रतिभाओं का होगा सम्मान, Talents will be honoured on Maharana Pratap Jayanti.

10 जून तक दस्तावेज जमा करने की अपील।

अमर सेन दंबग देश 

दमोह। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर 17 जून 2026 को जिला राजपूत क्षत्रिय महासभा, दमोह द्वारा भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने शिक्षा, समाजसेवा, पत्रकारिता एवं विभिन्न शासकीय सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और जिले का गौरव बढ़ाया है।



महासभा द्वारा युवा टीम के सक्रिय कार्यकर्ताओं, समाज हित में निरंतर योगदान देने वाले युवा पत्रकारों, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं तथा शासन के विभिन्न पदों पर नियुक्त युवाओं का सम्मान किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष राकेश सिंह हजारी एवं नगर अध्यक्ष बबलू ठाकुर ने बताया कि महाराणा प्रताप के आदर्शों, शौर्य, त्याग और स्वाभिमान से प्रेरणा लेकर समाज के युवाओं को आगे बढ़ाना महासभा का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करने से नई पीढ़ी को प्रोत्साहन मिलेगा तथा समाज में शिक्षा, सेवा और नेतृत्व की भावना को बल मिलेगा।

महासभा ने सम्मान के लिए पात्र सभी समाज बंधुओं से आग्रह किया है कि वे 10 जून 2026 तक अपने नाम एवं आवश्यक दस्तावेज जिला कार्यालय में जमा कर दें, ताकि सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं की सूची तैयार की जा सके। महासभा ने अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाशाली युवाओं एवं समाजसेवियों की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील भी की है।

महाराणा प्रताप जयंती समारोह को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है और कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post