राधेश्याम देवड़ा
शाजापुर/ प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग मंत्री एवं जिला प्रभारी श्री नारायन सिंह कुशवाह ने आज जिले में भ्रमण के दौरान उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित कृषकों के प्रक्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने ग्राम पनवाड़ी के कृषक श्री जुगल किशोर पाटीदार द्वारा पूर्ण जैविक पद्धति से की जा रही रेड डायमंड अमरूद की उन्नत व्यवसायिक खेती का अवलोकन किया। साथ ही ग्राम सुनेरा के कृषक श्री धर्मेन्द्र धाकड़ द्वारा पॉलीहाउस में सब्जियों की सीडलिंग तैयार कर की जा रही आयवर्धक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की, जिससे लाखों रुपये की आय अर्जित की जा रही है।
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने संबोधित करते हुए कहा कि उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार, उन्नत तकनीकों का उपयोग एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाकर खेती को लाभ का धंधा बनाया जा सकता है। उन्होंने किसानों एवं उद्यानिकी विभाग के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए अन्य कृषकों को भी इन नवाचारों, तकनीकी से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने कृषकों से सीधे संवाद कर उनकी तकनीकों, उत्पादन प्रणाली एवं विपणन से संबंधित जानकारी ली तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक शाजापुर श्री अरुण भीमावद, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय जिला एवं क्षेत्रीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कृषक उपस्थित थे।

Post a Comment