जलूद पंचायत की अनदेखी, 14 दिन बाद भी नहीं हुई सफाई
दबंग देश – आदर्श मेवाड़े
जनपद पंचायत महेश्वर के क्षेत्र की ग्राम पंचायत जलूद की श्रीनगर कॉलोनी मरदानिया में 14 दिन पहले उठाई गई गंदगी और जलभराव की समस्या का अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। स्थानीय लोग परेशान हैं और उनका आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कॉलोनी की नालियों में कचरा जमा होने से सीवरेज का पानी घरों और सड़कों पर फैल रहा है। बदबू और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। बावजूद इसके, पंचायत प्रशासन की ओर से साफ-सफाई के लिए कोई कर्मचारी नहीं भेजा गया।
रहवासियों ने पंचायत से सख्त अपील की है कि तुरंत नालियों की सफाई करवाई जाए, कचरे का उठाव कराया जाए और कॉलोनी में नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
14 दिन पहले प्रकाशित समाचार के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से स्पष्ट है कि ग्राम पंचायत जलूद इस गंभीर समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब इस मुद्दे पर ध्यान देता है और क्षेत्रवासियों को कब तक राहत मिलती है।

Post a Comment