Top News

नगर में धूमधाम से मनाया गया रंग पंचमी महोत्सव...Rang Panchami festival was celebrated with great pomp in the city...

 दबंग देश अनिल शर्मा गंजबासौदा


गंजबासौदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को रंग पंचमी का त्योहार हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार पारंपरिक रंग गुलाल जुलूस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।

नगर के युवाओं ने इस उत्सव पर अपने परिजनों, दोस्तों और शुभचिंतकों को रंग लगाकर व गुलाल उड़ाकर रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। नगर के मुख्य मार्गों पर युवाओं की टोलियां दोपहिया वाहनों से रंग खेलते हुए नजर आईं, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बन गया।


नगर पालिका द्वारा आयोजित जुलूस गांधी चौक स्थित राम जानकी मंदिर से शुरू हुआ। यह जुलूस सावरकर चौक, हनुमान चौक, जय स्तंभ चौक और नेहरू चौक से होते हुए रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर तक पहुंचा। नगर पालिका ने इस जुलूस के लिए एक टैंकर की व्यवस्था की थी, जिसमें रंगीन पानी और गुलाल उपलब्ध कराया गया था।

इस जुलूस में नगर पालिका कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और एक-दूसरे को रंग लगाकर रंग पंचमी की बधाई दी। नगर पालिका अध्यक्ष शशि यादव भी इस चल समारोह में शामिल हुईं। उनके साथ नगर पालिका की कई महिला पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

रंग पंचमी के अवसर पर नगर की कई दुकानें बंद रहीं। गंजबासौदा में होली पर्व की धुलेंडी के साथ-साथ रंग पंचमी का त्योहार भी बड़े उत्साह से मनाया जाता है। नगर के प्रमुख नौलखा मंदिर और श्री शीतला शक्ति धाम मंदिर में रंग पंचमी उत्सव पर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना कर गुलाल अर्पित की गई।

त्योहार के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा मुख्य मार्गों पर सुरक्षा बल भी तैनात किया गया था। इससे पूरे आयोजन के दौरान शांति और व्यवस्था बनी रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post