प्रथम चरण में किए गए कार्यों की समीक्षा - कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
नागरिकों की सुविधा हेतु अटल द्वार से बैरवा समाज धर्मशाला तक रोड रिपेयर करने के निर्देश
रितेश जैनदबंग देश
इंदौर दिनांक 2 मार्च 2026। शहर के समग्र यातायात सुधार एवं अधोसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से *महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा आज वीर सावरकर प्रतिमा से अटल गेट तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान* सड़क का स्थल निरीक्षण किया गया। यह सड़क 1.31 किलोमीटर लंबाई एवं 18 मीटर चौड़ाई की है, जिसका निर्माण कार्य लगभग 10.76 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी श्री राजेंद्र राठौर, अपर आयुक्त श्री अभय राजनगांवकर, सहायक यंत्री श्री नरेश जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर श्री भार्गव ने निर्माणाधीन मार्ग में बाधक बने अतिक्रमण एवं अन्य निर्माणों को जारी किए गए नोटिसों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में दबंग दुनिया जीटीएस से लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल तक प्रथम चरण में सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। महापौर ने स्थल पर गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मार्ग शहर के यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नागरिक सुविधा को प्राथमिकता
महापौर श्री भार्गव ने अटल द्वार से बैरवा समाज धर्मशाला तक के मार्ग पर नागरिकों को हो रही यातायात असुविधा का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक पूर्ण निर्माण कार्य संपन्न नहीं हो जाता, तब तक असुविधा कम करने हेतु तत्काल प्रभाव से रिपेयर कार्य किया जाए, जिससे आवागमन सुगम हो सके।

Post a Comment