Top News

राजगढ़ में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन, देशभर के ख्यातनाम कवि देंगे प्रस्तुति:-Grand Poets' Conference Organized in Rajgarh; Renowned Poets from Across the Country to Perform.

 

नगर के समाजसेवी जन का किया जाएगा अभिनंदन राजगढ़ से विशेष सिंह राजपूत की रिपोर्ट 

राजगढ़ (धार)। धर्मनगरी राजगढ़ में भगवान श्री राम जन्मोत्सव, भगवान श्री महावीर जन्मोत्सव एवं भगवान श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एक भव्य अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक निलेश सोनी ने बताया कि हिन्दू उत्सव समिति द्वारा आयोजित और सराफा एसोसिएशन व दत्तीगांव सोशल ग्रुप के सहयोग से होने वाला यह आयोजन दिवंगत पुण्यात्माओं की पावन स्मृति को समर्पित किया गया है।आयोजन में नगर के समाजसेवियों का अभिनंदन किया जाएगा ताकि समाज उनके द्वारा समाजसेवा में दिए गए योगदान से प्रेरणा ले सके।यह गौरवमयी कार्यक्रम आगामी 30 मार्च, सोमवार को रात्रि 8 बजे से नगर के मुख्य चौराहे, भगवा चौक (मेन चौपाटी) पर आयोजित किया जाएगा।


इस विराट कवि सम्मेलन में काव्य जगत के दिग्गज हस्ताक्षर अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। आमंत्रित कवियों में अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि पंडित अशोक नागर (शाजापुर), हास्य रस के प्रसिद्ध कवि अर्जुन अल्हड़ (कोटा), राष्ट्रीय गीतकार नरेंद्र अटल (बड़नगर), और वीर रस की सशक्त कवयित्री सुश्री निशा पंडित (उज्जैन) मुख्य रूप से शामिल होंगे। इनके साथ ही हास्य-व्यंग्य के कवि शंकर सिसोदिया (आगर मालवा), राष्ट्रीय हास्य कवि एवं मंच संचालक अतुल ज्वाला (इंदौर) और वीर रस के कवि नगेन्द्र ठाकुर (धार) भी अपनी कविताओं के माध्यम से समां बांधेंगे।

हिन्दू उत्सव समिति ने नगर के सभी धर्मप्रेमी जनता और काव्य प्रेमियों से इस गरिमामयी आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर काव्य रसपान करने की अपील की है। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे क्षेत्र में इस भव्य समागम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post