युवाओं में रहा खूब जोश खूब उड़े रंग गुलाल
राधेश्याम देवड़ा
मक्सी। हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में रंग पंचमी के अवसर पर नगर में पारंपरिक सामाजिक गैर बड़े उत्साह और उल्लास के साथ निकाली गई। गैर का शुभारंभ कचहरी चौक से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नए बाजार स्थित झंडा चौक पर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
गैर के दौरान पूरे नगर में रंग और गुलाल की ऐसी बौछार हुई कि जिधर भी नजर जाती, हर ओर सतरंगा माहौल दिखाई दे रहा था। ढोल-नगाड़ों और फाग गीतों के बीच युवाओं व नगरवासियों ने जमकर नृत्य करते हुए रंग पंचमी का आनंद लिया।
जुना बाजार में वेदमुथा परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पोहा का भंडारा रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं महावीर बैंड ने अपने मधुर संगीत और सुंदर भजनों से गैर के माहौल को और भी भक्तिमय व रंगीन बना दिया।
इस दौरान नगर परिषद की फायर ब्रिगेड द्वारा भी पानी की बौछार कर माहौल को और अधिक रंगीन बनाया गया। गैर में बड़ी संख्या में नगरवासी, युवक-युवतियां और समाजजन शामिल हुए तथा सभी ने आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रंग पंचमी का पर्व मनाया

Post a Comment