महाशिवरात्रि पर शिवमय होगा गौतमपुरा,
अति प्राचीन श्री अचलेश्वर महादेव मन्दिर में 9 दिवसीय महोत्सव का विशेष आयोजन, दंगवाड़ा के बोरेश्वर में भी भव्य तैयारियां
भोलेनाथ के जयघोष से गूंजेगा नगर, अचलेश्वर महादेव में विशेष अभिषेक और शिव विवाह उत्सव
अचलेश्वर से बोरेश्वर तक आस्था की धारा, महाशिवरात्रि पर भक्ति और भव्य तैयारियां
दबंग देश गौतमपुरा अनिल कुशवाह
गौतमपुरा । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर सहित आसपास का ग्रामीण अंचल पूर्णतः शिवमय हो उठा है । श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से ओत-प्रोत इस अवसर पर क्षेत्र के समस्त शिवालयों का रंग-रोगन कर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है । मंदिरों में भोर से ही “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजेंगे और दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा । नगर के अतिप्राचीन श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में 7 फरवरी से 15 फरवरी तक 9 दिवसीय शिव महोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है ।
प्रतिदिन भगवान भोलेनाथ का विविध स्वरूपों में अलौकिक श्रृंगार किया जा रहा है । अंगूर, केसरिया दूध, संतरा एवं अन्य फलों से विशेष रुद्राभिषेक कर श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभूति कराई जा रही है । रविवार 15 फरवरी महाशिवरात्रि के दिन प्रातः 4 बजे ब्रह्ममुहूर्त में महाअभिषेक के साथ विशेष पूजा-अर्चना का शुभारंभ होगा । पंडित कैलाशचंद्र शर्मा एवं अमित जोशी द्वारा महाआरती उतारी जाएगी तथा दिनभर भक्तों से जल, दुग्ध एवं बिल्वपत्र अर्पित कर अभिषेक कराया जाएगा ।
भगवान शिव का विवाह उत्सव, महिलाओं का हल्दी समारोह
शुक्रवार 13 फरवरी को भगवान शिव के दिव्य विवाह उत्सव के उपलक्ष्य 2 दिन पहले नगर की महिलाओं द्वारा पारंपरिक हल्दी समारोह आयोजित किया जाएगा । महिलाएं श्रद्धाभाव से भगवान को हल्दी एवं मेहंदी अर्पित कर मंगलगीत गाएंगी, भजन-कीर्तन करेंगी तथा दुग्धाभिषेक करेंगी । शिव-पार्वती विवाह की मंगलमय छटा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से अभिभूत करेगी । नगर परिषद द्वारा उकाला रोड से अचलेश्वर महादेव मंदिर तक आकर्षक स्वागत द्वार एवं मनमोहक विद्युत सज्जा की जाएगी, जिससे पूरा क्षेत्र दुल्हन-सा सुसज्जित दिखाई देगा । उकाला मैदान पर एक दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां झूले, खानपान एवं खिलौनों की दुकानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे । सुबह प्रातः से रात्रि तक फरियाली खिचड़ी एवं दूध वितरण की सेवा भी निरंतर जारी रहेगी ।
संगीतमय शिव कथा और भजन संध्या
मंदिर समिति मण्डल के सदस्य पवन चौधरी,विरेन्द्र डाबी, कमलसिंह भाटी, राधेश्याम टेलर, विकास दयाल एवं माखन ठाकुर ने बताया कि महाशिवरात्रि की रात्रि 8 बजे से संस्था जियो राम भक्त मंडल के सान्निध्य में मालवा के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित कुलदीप शर्मा द्वारा संगीतमय शिव कथा का दिव्य आयोजन होगा । व्यास पीठ पूजन के साथ शिव महिमा का अमृतरस प्रवाहित होगा । इसी कड़ी में 13 एवं 14 फरवरी को श्री अचलेश्वर महादेव भजन मंडली द्वारा संगीतमय भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें भक्तगण भक्ति रस में सराबोर होंगे ।
बोरेश्वर महादेव दंगवाड़ा में भी विशेष आध्यात्मिक तैयारियां
उज्जैन जिले के दंगवाड़ा स्थित श्री बोरेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष आध्यात्मिक तैयारियां की गई हैं । मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है तथा श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं । गौतमपुरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के चरणों में जल अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे ।


Post a Comment