डमी मतदान केंद्र बनाकर समझी कार्य प्रणाली, मतदाता भी बने
शाहरुख बलोच दबंग देश
डही/कुक्षी। विकासखंड डही से पुरुष शिक्षकों के साथ ही बड़ी संख्या में महिला शिक्षकों की भी मतदान अधिकारी क्रमांक 2 व क्रमांक 3 के रूप में ड्यूटी लगी है। डही क्षेत्र के करीब 200 शिक्षक शनिवार को कुक्षी के कन्या उमावि पहुंचे। यहां उन्होंने कुक्षी और निसरपुर विकासखंड के कर्मचारियों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। यहां मास्टर ट्रेनर्स द्वारा 7 कक्षों में दो बेच में 500 से अधिक कर्मचारियों को उनके चुनावी दायित्व से अवगत कराया गया।
खास बात यह रही की रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएमआरसी खतेड़िया, प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी और डही तहसीलदार काशीराम वास्कले, सहायक नोडल अधिकारी और बीईओ कुक्षी राजेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में यहां एक बड़े हाल में डमी मतदान केंद्र बनाया गया। जहां प्रशिक्षण लेने आए कर्मचारी खुद पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2 व 3 बने। साथ ही एजेंट के रूप में भी कर्मचारी टेबल पर बैठे। मतदान प्रकोष्ठ भी बनाया गया था। इसमें जहां कर्मचारियों ने मतदान कक्ष का संचालन व्यावहारिक रूप से मतदान अधिकारी के रूप में कर अपने दायित्वों का प्रदर्शन किया बल्कि मतदाता के रूप में लाइन लग अपना नाम बताया और डमी मतदान भी किया।
निर्वाचन मीडिया नोडल अधिकारी मनोज दुबे, मीडिया प्रभारी इरफान मंसूरी और मनोज साधु ने बताया कि कुक्षी में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान अधिकारी क्रमांक-2 व क्रमांक- 3 के रूप में कुल 1077 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जिसमें से 494 महिला मतदान अधिकारी नियुक्त की गई है। इनमें से पहले दिन 28 अक्टूबर को 538 कर्मचारियों ने प्रशिक्षण लिया। दूसरे दिन 29 अक्टूबर को 539 मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर शिफ्ट में 269 मतदान अधिकारी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
0 Comments