गौतमपुरा । श्रावण मास के अवसर पर गौतमपुरा के समीप ग्राम अत्याना स्थित सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज मंदिर पर प्रतिवर्ष होने वाला धार्मिक एवं सेवा आयोजन इस बार भी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में रक्तदान शिविर, विशाल भंडारा और रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर रक्तदान किया ।
आयोजन की शुरुआत दोपहर 3 बजे रक्तदान शिविर से हुई। शिविर में 121 लोगों ने रक्तदान कर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो रात 8 बजे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। रात 7 बजे से सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज के जीवन चरित्र, वीरता और बलिदान पर आधारित गायन कार्यक्रम शुरू हुआ। रात्रि जागरण में ग्राम दुधिया, मुंजाखेड़ी और दतोड़िया की प्रसिद्ध गायन मंडलियों ने तेजाजी महाराज के वीर गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक चले जागरण में श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी घनश्याम शर्मा ने आरती उतारी। आयोजन में अतिथि के रूप में करणी सेना जिला अध्यक्ष ऋषिराज सिंह सिसोदिया एवं राष्ट्रीय जाट तेजवीरसेना के प्रदेश अध्यक्ष संदीप जाट मौजूद रहे। इस अवसर पर ग्राम नोलाना, फरकोदा, टकरावदा, शिवपुरी, फतेहपुर, देवरा, बीसलखेड़ी और सातेर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति के प्रकाश गुड्डू जाट एवं राहुल जाट का सम्मान किया। आयोजन में बड़ी संख्या में तेजाजी महाराज के भक्त शामिल हुए। ग्रामीणों और आयोजन समिति के सहयोग से धार्मिक कार्यक्रम के साथ रक्तदान एवं भंडारे के माध्यम से सेवा कार्य भी किया गया।


Post a Comment