44 लाख की लागत से बनेगी सड़क, रहवासियों को मिली बड़ी राहत
अनिल पेन्टर दबंग देश
गौतमपुरा । नगर परिषद रुणजी-गौतमपुरा के वार्ड क्रमांक 15 स्थित पाटीदार कॉलोनी के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया । वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे क्षेत्र में अब विकास की मजबूत नींव रखी गई है । क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल की पहल पर विधायक निधि से स्वीकृत 44 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया । इस कार्य के प्रारंभ होते ही कॉलोनीवासियों के लंबे इंतजार को विराम मिल गया और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई ।
27 वर्षों की तपस्या के बाद सीसी सड़क, आधारभूत सुविधा का इंतजार समाप्त :
दरअसल, वर्ष 1999 में विकसित हुई इस कॉलोनी को पिछले करीब 27 वर्षों से पक्की सड़क जैसी आधारभूत सुविधा का इंतजार था । बारिश के दिनों में यहां की स्थिति बेहद दयनीय हो जाती थी । कीचड़, जलभराव और फिसलन के कारण आमजन का आवागमन बाधित होता था, वहीं स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया चालकों के लिए यह रास्ते परेशानी का सबब बने हुए थे । स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी । चुनाव के दौरान विधायक मनोज पटेल ने इस समस्या को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया था, जिसे अब अमलीजामा पहनाया गया है ।
*गेती चलाकर विधि विधान से श्री गणेश, भूमि पूजन :
मंगलवार सुबह 11 बजे पंडित प्यारचंद शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया । इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष हर्षाली (श्री) गगन बाहेती, नगर भाजपा अध्यक्ष प्रमोद सक्सेना, पार्षद प्रतिनिधि विनोद गुर्जर,अभय अब्बू भाटी, शंकर ठेकेदार, इंदर नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने प्रतीकात्मक रूप से गेती चलाकर कार्य का श्रीगणेश किया ।
*स्थानीय कॉलोनीवासियों ने बताई समस्या, रोड रास्ते होंगे सुगम :
स्थानीय निवासी डॉ. सुरेश जोशी ने बताया कि बारिश के दौरान कॉलोनी में निकलना तक मुश्किल हो जाता था । बच्चे अक्सर कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो जाते थे और आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था । अब सीसी रोड बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जलभराव और गंदगी की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी । भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों में उत्साह का माहौल नजर आया । पवन चौधरी, सुनील जोशी, अभिजीत शर्मा, रवि पाटीदार, अंकित नागर, आजाद जैन, जेनम जैन, फूलचंद राठौड़ सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे । सभी ने विधायक एवं नगर परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विकास कार्य क्षेत्र की तस्वीर बदलने के साथ ही जीवनस्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा । विधायक निधि से मिली इस सौगात ने न केवल वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया है, बल्कि पाटीदार कॉलोनी के विकास को नई दिशा देते हुए नागरिकों के मन में भविष्य के प्रति नई उम्मीद भी जगाई है ।

Post a Comment