सुभाष यादव जयंती पर उमड़ा जनसैलाब
कसरावद(जितेंद्र सिंह सोलंकी)
पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के 80वें जन्मदिवस पर उनके गृहग्राम बोरावां में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उसे किसान विरोधी बताया।
उन्होंने कहा कि स्व. सुभाष यादव ने निमाड़ अंचल के खेतों तक नर्मदा का पानी पहुंचाकर और सहकारी आंदोलन को मजबूत कर किसानों को आत्मनिर्भर बनाया था, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने से वंचित हैं। गेहूं, चना, मक्का और सरसों जैसी फसलों की समय पर समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं होने से किसान औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि वे और उनका परिवार किसानों को उनका हक दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
इस दौरान कसरावद के विधायक एवं प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा कि स्व. सुभाष यादव द्वारा स्थापित सहकारी आंदोलन को भाजपा सरकार ने कमजोर कर दिया है। उनके जन्मदिवस पर संकल्प लेते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सहकारिता आंदोलन को पुनर्जीवित किया जाएगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने कहा कि स्व. सुभाष यादव ने निमाड़ क्षेत्र को ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान और सहकारिता का प्रमुख केंद्र बनाया। किसानों के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
बोरावां में उमड़ा जनसैलाब,दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
भक्ति, संकल्प और प्रेरणा दिवस के रूप में मनाए गए इस अवसर पर निमाड़, मालवा सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग बोरावां पहुंचे और स्व. सुभाष यादव को पुष्पांजलि अर्पित की। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती दमयंती यादव, पुत्र अरूण यादव, सचिन यादव सहित परिवारजनों ने चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम में मारूति रामायण मंडल द्वारा भजन-कीर्तन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, किए गए विविध आयोजन
अरूण यादव और सचिन यादव ने सुबह अपने निवास पर दादा-दादी स्व. गंगाराम यादव और स्व. गुलाबबाई यादव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू सहकारी शक्कर कारखाने में स्थापित स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर वार्षिक कैलेंडरों का विमोचन भी किया गया। बोरावां स्थित शैक्षणिक संस्थानों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर स्व. सुभाष यादव के योगदान को याद किया गया।
अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजा पटेरिया, लोकसभा प्रत्याशी नरेन्द्र पटेल, पोरलाल खरते, डॉ. गोविंद मुजाल्दा, पूर्व विधायक पाचीलाल मेढ़ा, हमीद काजी, रविंद्र महाजन, दीपू यादव, उमराव सिंह मौर्य, विक्रम मस्ताल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment