हाईवे पर खड़े बाइक सवारों को कुचला, युवक की मौके पर मौत
निमरानी(जितेंद्र सिंह सोलंकी)
नेशनल हाईवे मुंबई-आगरा मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका चार वर्षीय बेटा ओर एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र के कसरावद फाटे की है,प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे सेंधवा से धामनोद की ओर जा रहे बाइक सवार सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक युवक कंटेनर के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान जितेंद्र पिता उमेन डावर (25 वर्ष), निवासी जरवाय नवलपुरा थाना ठीकरी के रूप में हुई है, जो अपने ससुराल खराड़ी (महेश्वर) जा रहा था। हादसे में नागेश पिता कैलाश चौहान (18 वर्ष) घायल हुआ है। वहीं साथ में मौजूद मृतक का करीब 4 वर्षीय बेटे को भी चोटें आई हैं, जिन्हें ठीकरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी कंटेनर चालक ने संतुलन खो दिया और सीधे उन्हें कुचल दिया।सूचना मिलने पर खलटाका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि, एम्बुलेंस को सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।पुलिस ने मामला दर्ज कर कंटेनर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के गांव ओर परिवार में कोहराम मच गया है।बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे का मराल घाटी क्षेत्र अब ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है, जहां लगातार हादसे हो रहे हैं। एम्बुलेंस की देरी और सुरक्षा इंतजामों की कमी ने एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment