जल बचाएं, जीवन बचाएं – आत्माराम पटेल
कसरावद(जितेंद्र सिंह सोलंकी)
जल संरक्षण को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम बामदा में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के पूर्व विधायक आत्माराम पटेल ने कहा कि जल हमारे जीवन का अमूल्य आधार है, लेकिन बढ़ते प्रदूषण के कारण प्राकृतिक जल स्रोत लगातार प्रभावित हो रहे हैं। इन्हें सहेजना और संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में जनसहभागिता बेहद जरूरी है। वहीं पूर्व मंडी अध्यक्ष मांगीलाल गाडगे ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कुएं, तालाब और नदियों की साफ-सफाई कर जल उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।जनपद पंचायत सीईओ रीना किराड़ ने बताया कि यह अभियान 19 मार्च से 30 जून तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा,
जिसमें जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के सुधीर सराफ ने जल संवर्धन के लिए प्रस्फुटन समितियों एवं विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र एवं कन्या पूजन से किया गया।इसके पश्चात अतिथियों ने गणगौर माता घाट पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा पंचायत भवन परिसर में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment