Top News

गुड़ी पड़वा पर भक्ति का उल्लास, दिनभर चले धार्मिक आयोजनThe fervor of devotion on Gudi Padwa; religious events continued throughout the day.

 

अनिल पेन्टर , दबंग देश

गौतमपुरा । नगर एवं आसपास के क्षेत्र में हिन्दू नववर्ष गुड़ी पड़वा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया । सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चलती रही, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया । प्रातःकाल लोगों ने स्नान कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और नववर्ष का स्वागत किया । नगर के अति प्राचीन भगवान श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान के दर्शन हेतु भक्तों का तांता लगा रहा । 


वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सुबह 7 बजे विशेष शाखा का आयोजन किया गया, जिसमें आद्य सरसंघचालक प्रणाम एवं बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित हुआ । इस दौरान स्वयंसेवकों सहित नगर के वरिष्ठजन भी उपस्थित रहे । कार्यक्रम के पश्चात सभी ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर गुड़-धनिया का प्रसाद वितरित किया । शाम के समय नगर के विभिन्न घरों में रंगोली सजाई गई तथा दीप प्रज्वलित कर उत्सव का उल्लास बढ़ाया गया । इसी क्रम में अष्ट सिद्धि नव निधि संस्था द्वारा मां मनकामनेश्वरी मंदिर प्रांगण में शाम 5:30 से 7 बजे तक विश्व मंगल अनुष्ठान के अंतर्गत सामूहिक सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया । 

इस धार्मिक आयोजन में मालवा के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित कुलदीपक शर्मा, पंडित कृष्णवल्लभ शर्मा, पंडित विजय शर्मा, पंडित रमाकांत एवं पंडित अमित जोशी द्वारा सैकड़ों श्रद्धालुओं को एक साथ, एक समय और एक स्वर में सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ कराया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया तथा अंत में आरती उतारी गई । इस अवसर पर 200 से अधिक युगल जोड़ों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे ।

Post a Comment

Previous Post Next Post