Top News

ईदगाह में अदा हुई नमाज़, गले मिलकर दी मुबारकबादPrayers offered at the Eidgah; greetings exchanged with embraces.

 ईद-उल-फ़ितर पर उमड़ा जनसैलाब, अमन की मांगी दुआ

अनिल पेन्टर ,दबंग देश

गौतमपुरा । नगर एवं आसपास क्षेत्र में माह-ए-रमज़ान के मुकम्मल होने के बाद शनिवार को ईद-उल-फ़ितर का मुक़द्दस त्योहार मुस्लिम समाज ने पूरे जोश-ओ-ख़रोश और अकीदत के साथ मनाया । सुबह ईदगाह में सामूहिक नमाज़ अदा की गई, जहां नमाज़ियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद पेश की । रमज़ान के 30 रोज़ों के बाद शुक्रवार को चाँद का दीदार होते ही समाजजनों में खुशी की लहर दौड़ गई । 


          शनिवार सुबह करीब 8 बजे मुस्लिम समाज के लोग स्थानीय बड़ी मस्जिद पर जमा हुए, जहां से ईद का जुलूस रवाना हुआ । यह जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ ईदगाह पहुँचा । ईदगाह में छोटी मस्जिद के पेश इमाम अख्तर अली ने नमाज़ अदा करवाई और खुतबा पेश किया । इस दौरान मुल्क में अमन-ओ-चैन, तरक़्क़ी और खुशहाली के लिए ख़ास दुआएँ मांगी गईं । नमाज़ के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी । पर्व के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए थे, जिससे पूरे आयोजन के दौरान अमन-ओ-अमान कायम रहा ।

*अलविदा जुमा और चाँद रात का एहतमाम -

इस साल रमज़ान का अलविदा जुमा 13 मार्च को अदा किया गया था। 19 मार्च को 29वें रोज़े पर चाँद नज़र नहीं आया, जिसके चलते 20 मार्च को 30वां रोज़ा मुकम्मल किया गया। उसी शाम चाँद के दीदार के साथ रमज़ान का पाक महीना रुख़्सत हुआ और ईद का एलान हुआ ।

एहतकाफ़ से अकीदतमंदों की वापसी -

रमज़ान के आख़िरी अशरे में एहतकाफ़ में बैठे अकीदतमंदों ने भी चाँद रात के साथ अपनी इबादत मुकम्मल कर एहतकाफ़ से बाहर आने की रस्म अदा की। इसके साथ ही माह-ए-रमज़ान की इबादतों का सिलसिला अपने इख़्तिताम को पहुँचा ।

Post a Comment

Previous Post Next Post