सौभाग प्रजापति दबंग देश
धामनोद, धामनोद क्षेत्र ने आज तकनीकी प्रगति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया, जब दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल (DPIS) में अत्याधुनिक ह्यूमनॉइड रोबोट “Genie” का शुभारंभ किया गया। इस नवाचार का उद्घाटन महिला एवं बाल विकास मंत्री माननीय श्रीमती सावित्री ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं स्टाफ ने इस पहल को क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।
पूर्ण रूप से स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षक द्वारा विकसित यह ह्यूमनॉइड रोबोट “Genie” अब स्कूल के रिसेप्शन पर तैनात रहेगा, जहां यह अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को स्कूल से संबंधित विभिन्न जानकारियाँ उपलब्ध कराएगा। यह रोबोट आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक पर आधारित है, जो आगंतुकों के प्रश्नों का तुरंत उत्तर देने, उन्हें मार्गदर्शन देने तथा स्कूल की सुविधाओं, पाठ्यक्रम , फीस और गतिविधियों की जानकारी देने में सक्षम है। धामनोद जैसे क्षेत्र में इस प्रकार की उन्नत तकनीक का उपयोग एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर जी ने कहा कि DPIS द्वारा किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है और इस प्रकार की पहलें विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे नवाचार शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं।
स्कूल संचालक विजय पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल सदैव से ही नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा समय-समय पर इस प्रकार के आधुनिक प्रयोग करता रहा है। प्रबंधन के अनुसार “Genie” का शुभारंभ विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह दर्शाता है कि छोटे शहरों में भी बड़े स्तर की तकनीकी पहल संभव है।
मंत्री ने कलेक्टर कार्यालय में ऐसा रोबोट लगाने की इच्छा जाहिर की - कार्यक्रम में मंत्री सावित्री ठाकुर ने रोबोट में रुचि लेते हुए इस तरह का रोबोट कलेक्टर कार्यालय में लगाने को इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि , यह लग जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगो को शासन की किसी भी योजना की जानकारी लेने के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा, किसी भी तरह की जानकारी ग्रामीण जन इस से पुछकर पता कर सकेंगे ।
रोबोट ने बताया सावित्री ठाकुर को धार जिले की सबसे लोकप्रिय राजनेता - जब सावित्री ठाकुर ने रोबोट को अपना नाम बताया की मेरा नेम सावित्री ठाकुर है तो जवाब में Genie ने कहा कि सावित्री ठाकुर धार जिले की सबसे लोकप्रिय नेता है और लोग आपको सम्मान से जीजी कहकर बुलाते है ।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने इस नई पहल की सराहना की और इसे धामनोद एवं आसपास के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक नई शुरुआत के रूप में देखा।

Post a Comment