Top News

मुख्यमंत्री ने छोड़ा इंदौर का प्रभार, चैतन्य कश्यप बने नए प्रभारी मंत्री Chief Minister relinquishes charge of Indore, Chaitanya Kashyap becomes new minister in charge

भोपाल/इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का प्रभार छोड़ दिया है। अब सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चैतन्य कुमार कश्यप को इंदौर जिले का नया प्रभारी मंत्री बनाया गया है।



सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, कश्यप को उनके वर्तमान विभागीय दायित्वों के साथ इंदौर जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले इंदौर की जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री संभाल रहे थे।



राजनीतिक मायने 

इंदौर मालवा-निमाड़ की राजनीति का केंद्र है। अब तक इंदौर का प्रभार CM के पास होने से यह जिला सीधे मुख्यमंत्री के नियंत्रण में माना जाता था। अब यह जिम्मेदारी रतलाम से तीन बार के विधायक और मालवा के बड़े नेता चैतन्य कश्यप को देना, मालवा में नेतृत्व को मजबूत करने का संकेत माना जा रहा है।


कश्यप के पास पहले से भोपाल और राजगढ़ जिले का प्रभार है। अब इंदौर मिलने के बाद उनके पास तीन बड़े जिलों की जिम्मेदारी हो गई है। हाल ही में भाजपा ने उन्हें प्रदेश वित्त समिति का संयोजक भी बनाया है। इससे सरकार और संगठन दोनों में उनका कद बढ़ा है।


प्रशासनिक मायने 

प्रभारी मंत्री के रूप में कश्यप अब इंदौर में विकास कार्यों की समीक्षा, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जिला प्रशासन के साथ समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इंदौर प्रदेश का प्रमुख आर्थिक और व्यावसायिक केंद्र है और कश्यप खुद MSME मंत्री हैं। ऐसे में इंदौर के उद्योग, स्टार्टअप, व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों पर अब सीधे निर्णय होने की उम्मीद है। अधिकारियों पर भी अब सीधी जवाबदेही बनेगी, क्योंकि CM के व्यस्त कार्यक्रम के कारण समीक्षा बैठकें अक्सर टल जाती थीं।

मालवा के जमीनी नेता है कश्यप

चैतन्य कश्यप रतलाम शहर से 2013, 2018 और 2023 में लगातार तीन बार विधायक चुने गए। 2023 में उन्होंने 60 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। 25 दिसंबर 2023 को वे मोहन यादव मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बने। पेशे से उद्योगपति रहे कश्यप विधायक का वेतन-भत्ता जनकल्याण में लगाने के लिए भी जाने जाते हैं। वे मालवा निमाड़ के जमीनी नेता है। 


कुल मिलाकर यह बदलाव सिर्फ प्रभारी मंत्री का बदलाव नहीं, बल्कि सरकार की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री प्रदेशव्यापी विषयों पर फोकस करेंगे और इंदौर की कमान उनके भरोसेमंद मंत्री के हाथ में होगी।


पटवारी ने मुख्यमंत्री पर तंज कसा

हाल ही में कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मुख्यमंत्री पर तंज कसा था कि वह प्रदेश के नहीं केवल भोपाल इंदौर और उज्जैन के मुख्यमंत्री है।

Post a Comment

Previous Post Next Post