लहसुन ₹33,555 और सोयाबीन ₹8,511 प्रति क्विंटल बिका
सचित बाहेती दबंग देश
बदनावर। कृषि उपज मंडी समिति बदनावर के अनाज एवं सब्जी मंडी प्रांगण में गुरुवार प्रातः 10:30 बजे सोयाबीन, गेहूँ, मक्का, नया प्याज एवं लहसुन की नीलामी का विधिवत मुहूर्त किया गया। मंडी कार्यालय अधीक्षक श्री महेन्द्रप्रतापसिंह झाला ने जानकारी देते हुए बताया कि मुहूर्त नीलामी के दौरान ग्राम बरमंडल के कृषक श्री गोपाल का लहसुन ₹33,555 प्रति क्विंटल के भाव से फर्म 'मनोहर अमृतलाल' द्वारा क्रय किया गया।
इसी प्रकार, ग्राम कोद के कृषक श्री जीवन पाटीदार की सोयाबीन ₹8,511 प्रति क्विंटल में फर्म 'अनिल कुमार राकेश कुमार' ने खरीदी। इसके अलावा, ग्राम बड़ीपतलासी के कृषक श्री कैलाश का नया प्याज ₹3,865 प्रति क्विंटल के भाव से फर्म 'एस.एस. ट्रेडर्स कम्पनी' द्वारा, ग्राम प्रतापपुरा के कृषक श्री अंतरसिंह की मक्का ₹3,351 प्रति क्विंटल में फर्म 'श्रीराम ट्रेडिंग कम्पनी' द्वारा तथा ग्राम कारोदा के कृषक श्री राजेन्द्र पाटीदार का गेहूँ ₹3,300 प्रति क्विंटल के भाव से फर्म 'साँवरिया ट्रेडिंग कम्पनी' द्वारा क्रय किया गया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं भारसाधक अधिकारी श्रीमती प्रियंका मिमरोट बैंडवाल, मंडी उपसंचालक एवं सचिव श्री एम.एस. मुनिया, अनाज व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष श्री संजय सोनी, थोक फल-सब्जी एसोसिएशन अध्यक्ष श्री जीवन पाटीदार तथा हम्माल एवं तुलावटी संघ अध्यक्ष श्री राधेश्याम हारोड विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समस्त व्यापारीगण, हम्माल-तुलावटी, मंडी अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक बंधु मौजूद थे।

Post a Comment