Top News

विविधता में एकता और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम, तिब्बती समुदाय ने मनाया दलाई लामा जी का 91वाँ जन्मोत्सव A unique confluence of unity in diversity and patriotism, the Tibetan community celebrated the 91st birth anniversary of the Dalai Lama.

इंदौर। रुचि चोविश्या जैन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि अन्नपूर्णा मंदिर स्थित सिंधु भवन में परम पूज्य दलाई लामा जी का 91वाँ जन्मोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। भारत-तिब्बत सहयोग मंच एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के तत्वावधान में तिब्बती समुदाय के विशेष सहयोग से आयोजित इस समारोह में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक सद्भाव और भारत-तिब्बत के आत्मीय संबंधों की सुंदर झलक देखने को मिली। इस अवसर पर केंद्रीय अधिकारी श्री इंद्रेश कुमार जी का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।
श्रद्धांजलि अर्पित की गई

कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण प्राकृतिक आपदा (बाढ़) में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

मंच पर गरिमामयी उपस्थिति एवं सम्मान

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्रचारक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य श्री इंद्रेश कुमार जी, विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत की प्रांत सह-सेवा प्रमुख श्रीमती आरती अजय जायसवाल जी तथा तिब्बत मार्केट एसोसिएशन इंदौर के अध्यक्ष श्री कुंडुल जी फूँगशुक उपस्थित रहे।

अतिथियों की उपस्थिति में देश की सीमा सुरक्षा एवं सेवा में समर्पित तिब्बती सैनिकों का विशेष सम्मान किया गया। उन्हें भगवान बुद्ध का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ बनीं आकर्षण

तिब्बती समुदाय के सदस्यों ने पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और भारत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता भावुक गीत 'थैंक यू इंडिया' प्रस्तुत किया। समारोह में तिब्बती परंपरा के अनुसार मेवों से तैयार मीठे भात 'शोदेई' और पारंपरिक नमकीन चाय 'सुजा' से अतिथियों का स्वागत किया गया।

भारत के राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' और तिब्बती राष्ट्रगीत की धुनों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और सांस्कृतिक सौहार्द से सराबोर कर दिया।

सफल मंच संचालन एवं आभार

समारोह का संचालन मिंजूर दौरजे जी ने किया। नम्रता बैरागी जी ने समन्वय एवं आयोजन में विशेष सहयोग दिया। समापन पर भारत-तिब्बत मार्केट के उपाध्यक्ष कुंगा वांगचुक जी ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन भारत और तिब्बत के प्रगाढ़ सांस्कृतिक संबंधों, आपसी प्रेम और राष्ट्रीय एकता का सुंदर उदाहरण बना।

Post a Comment

Previous Post Next Post