एसडीएम को सौंपा आमंत्रण पत्र
विशेष सिंह राजपूत दबंग देश
सरदारपुर, धार। भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट, जिला धार द्वारा आयोजित किए जा रहे विशाल निःशुल्क मोतियाबिंद निवारण एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर के सफल आयोजन हेतु तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 03 जून 2026, बुधवार को आयोजित होगा, जिसमें मरीजों की जांच एवं भर्ती सिविल अस्पताल, सरदारपुर में की जाएगी तथा चयनित मरीजों के ऑपरेशन चौइथराम नेत्रालय, इंदौर में निःशुल्क किए जाएंगे।
कार्यक्रम माननीय सुश्री सलोनी अग्रवाल, एसडीएम सरदारपुर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने जा रहा है। इस अवसर पर भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट के पदाधिकारियों राष्ट्रीय संयोजक प्रेम कुमार वैद्य, प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष महेश कुमार वर्मा, जिला अध्यक्ष योगेन्द्र तिवारी एवं जिला महामंत्री लक्ष्मण डामेचा ने एसडीएम महोदया से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम का आमंत्रण पत्र सौंपा।
इसके पश्चात ट्रस्ट की टीम ने प्रभारी सीबीएमओ डॉ. सचिन द्विवेदी एवं डॉ. नितिन जोशी के साथ सिविल अस्पताल, सरदारपुर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों के पंजीयन, जांच, भर्ती, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई
ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष योगेन्द्र तिवारी ने बताया कि अभियान के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निःशुल्क नेत्र जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस जनहितकारी अभियान का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर ट्रस्ट के एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।

Post a Comment