Top News

90 क्विंटल गेहूं चोरी का खुलासा, अंतरजिला गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार 90 quintals of wheat theft uncovered, 3 accused of inter-district gang arrested

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई:Major action by Ratlam Police:


दबंग देश डॉ प्रदीप बाफना

 रतलाम/जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और चोरी की घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए रतलाम पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में थाना बड़ावदा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 90 क्विंटल गेहूं चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर अंतरजिला चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।



पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बड़ावदा प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज एवं आईसीजेएस डाटा की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

फरियादी अय्युब खां निवासी बड़ावदा ने थाना बड़ावदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खेत स्थित टीनशेड में रखा लगभग 90 क्विंटल गेहूं अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। मौके पर गेहूं बिखरा हुआ मिला तथा वाहन के टायरों के निशान पाए गए थे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध भंवरलाल चंद्रवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी लखनसिंह गुर्जर के साथ चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए एक दिन पहले बड़नगर क्षेत्र से आयशर वाहन चोरी किया गया था। चोरी किया गया गेहूं कच्चे रास्तों से रोहलखुर्द पहुंचाकर बाद में महिदपुर मंडी में बेच दिया गया।

पुलिस ने मामले में युसुफ नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया, जिसने चोरी में प्रयुक्त वाहन को काट दिया था। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न क्षेत्रों में 11 चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब तक चार मामलों में चोरी गया माल बरामद कर चुकी है तथा अन्य मामलों में पूछताछ जारी है।

आरोपियों के कब्जे से एक आयशर ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो मोटरसाइकिल, गेहूं बिक्री की 95 हजार रुपये नकद राशि एवं अन्य सामग्री सहित लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बड़ावदा प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय के नेतृत्व में उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, उप निरीक्षक जीवन बारिया, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह, जितेन्द्र बारिया, राजेश पानोला तथा आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, मोरसिंह डामोर, गोपालसिंह एवं कृष्णपालसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके अलावा प्रधान आरक्षक शहजाद खान, प्रधान आरक्षक दिनेशसिंह भदौरिया, आरक्षक बालूसिंह, आरक्षक रोहताश जाट, सैनिक प्रतापसिंह, सैनिक नरेन्द्रसिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश शर्मा (CCTNS शाखा रतलाम) एवं आरक्षक नरेन्द्रसिंह हाड़ा थाना रिंगनोद का विशेष सहयोग रहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टीमवर्क, तकनीकी जांच एवं सतत निगरानी के कारण इतनी बड़ी चोरी का खुलासा संभव हो सका। क्षेत्रीय नागरिकों ने रतलाम पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post